{"_id":"d65224eed8ec15df80084f94224ea092","slug":"robbers-entered-in-house-in-form-of-kawanria-and-looted-jewellery-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"कांवड़ियों के वेश में घर में घुसे युवक, नकदी-गहने ले उड़े","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
कांवड़ियों के वेश में घर में घुसे युवक, नकदी-गहने ले उड़े
ब्यूरो/अमर उजाला, हिसार
Updated Wed, 12 Aug 2015 02:07 PM IST
विज्ञापन
कांवड़ियों के वेश में एक मकान में घुसे चोर घर में रखी नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। मकान में रहने वाले व्यक्ति उस दौरान भले ही गहरी नींद में थे, लेकिन घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की नजर चोरों पर जरूर रही। चोरों की संख्या चार थी और वे दीवार फांद कर अंदर घुसे। बाद में एक कमरे की खिड़की की ग्रिल उखाड़ कर अंदर रखी अलमारी से नकदी व जेवर चुरा लिए।
विज्ञापन
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मॉडल टाउन में एक गिफ्ट गैलरी चला रहे दीपक जैन सेक्टर 13 के मकान में रहते हैं। रात को 2.47 बजे कांवड़ियों के वेश में चार युवक दीवार फांद कर मकान में घुस आए। उन्होंने कोठी में घुसने के लिए मेन गेट को खोलने का प्रयास किया।
विज्ञापन
इस दौरान उनकी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कोठी का मेन दरवाजा नहीं खुला। इस बीच चोरों की नजर वहां लग सीसीटीवी कैमरे पर पड़ गई। उसका मुंह ऊपर कर दिया गया। बाद में चोर एक कमरे की खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल को उखाड़ कर अंदर घुस गए।
विज्ञापन
मकान मालिक दीपक जैन ने बताया कि चोर कमरे में रखी अलमारी से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण चोर दूसरे कमरों में नहीं घुस पाए। साढ़े 3 बजे के बाद चोर कोठी से बाहर निकल भागे।
दो साल पहले हुई थी बड़ी चोरी
दीपक जैन के घर में दो साल पहले भी चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई 2013 की रात को चोर घर में घुस कर कई लाख रुपये नकद और करीब 30 लाख रुपये कीमत का अन्य सामान चुरा ले गए थे। उनका कहना है कि पुलिस दो साल बाद भी उनके घर हुई चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। वहीं चोर अब दूसरी वारदात कर गए।
बेखौफ होकर घर में घुसे
दीपक जैन के घर में रात को घुसे चोर बिल्कुल बेखौफ थे। वे रेलवे लाइन की तरफ से आए और कोठी की साइड की दीवार फांद कर अंदर आ घुसे। रात 2.47 बजे एक के बाद एक कुल चार युवक अंदर घुसे। सभी कांवड़ियों के वेश में थे। वे इस प्रकार अंदर गए कि शायद उनको पहले ही पता हो कि रास्ता रोकने वाला कोई नहीं है।
सीसीटीवी कैमरे में एक युवक का चेहरा जहां बिल्कुल साफ दिख रहा है, वहीं अन्य ने मेन दरवाजा खोलते समय अपने चेहरे सफेद कपड़े से ढ़क लिए थे। हालांकि कोठी में अंदर घुसते समय उनके चेहरों पर कोई कपड़ा नहीं था। चारों युवकों के चेहरे पहले सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं। पुलिस ने कैमरे से सीसीटीवी फुटेज लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।