गन्नौर पीएनबी शाखा में डकैती का खुलासा, दो सगे भाइयों समेत छह गिरफ्तार, ये लोग थे अगला निशाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनीपत सदर थाना पुलिस ने दो भाइयों समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन बदमाशों से 64 हजार रुपये की नकदी समेत छह अवैध हथियार व तीन बाइक बरामद की हैं। इन बदमाशों को पकड़कर पुलिस ने गन्नौर के पीएनबी की शाखा में पिछले सप्ताह हुई डकैती की घटना का खुलासा किया है तो इन पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट समेत अन्य दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ के दौरान बदमाशों ने सोनीपत, दिल्ली व पलवल के पांच व्यापारियों की हत्या को अंजाम देने की तैयारी करने की बात कबूली है। इस कारण ही पुलिस ने बदमाशों को कोर्ट में पेश किया, जहां से एक को जेल भेज दिया और अन्य को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी डॉ. रविंद्र ने बताया कि 12 अप्रैल को देवडू रोड पर फर्नीचर दुकान मालिक यासीन की हत्या हुई थी, जिसका आरोप प्रवीन निवासी चिटाना पर लगाया गया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया। उसने स्वीकार किया कि आपसी रंजिश व रुपये को लेनदने के चलते अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें अंकित उर्फ माया व विकास निवासी कामी हाल में फरीदाबाद, दीपक उर्फ कमांडो निवासी रोहतक, निखिल निवासी पुरखास अड्डा सोनीपत, अमित निवासी कंसाला है।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास व अंकित दोनों सगे भाई हैं। इन पर साथियों के साथ मिलकर हत्या, हत्या प्रयास, लूट, डकैती, लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 6 अवैध हथियार, 3 बाइक व गन्नौर के पीएनबी की शाखा में लूट के 64 हजार रुपये बरामद किए हैं।
सोनीपत, दिल्ली, पलवल के व्यापारियों की करनी थी हत्या
गिरफ्तार आरोपी अंकित उर्फ माया ने पुलिस को बताया कि उसके गैंग को दिल्ली, पलवल, सोनीपत के व्यापारियों की हत्या करनी थी। जिसके लिए उन्होंने हथियार भी खरीद लिए थे। डीएसपी ने बताया कि यह गिरोह व्यापारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगता था और रंगदारी नहीं देने पर हत्या करने की तैयारी कर रहे थे। आरोपियों से ज्यादा पूछताछ करने के लिए ही रिमांड पर लिया गया है, जिससे उन व्यापारियों के बारे में भी जानकारी की जा सके।
अंकित ने साथियों संग मिलकर डाली थी बैंक शाखा में डकैती
डीएसपी ने बताया कि आरोपी अंकित उर्फ माया ने अपने साथियों के साथ मिलकर गन्नौर स्थित पीएनबी शाखा में डकैती डाली थी। जिसमें 6 लाख 88 हजार रुपये की नकदी को लूटा था। लूटी गई नकदी में अंकित के हिस्से में 64 हजार 700 रुपये आये था। जिसे पुलिस ने उसके पास से बरामद किया है।
आरोपी ने अपने साथियों काला व अनूप निवासी गढ़ी झंझारा, सोनू निवासी खेड़ी तगा गन्नौर हाल भारत नगर पानीपत, दिनेश उर्फ धौला निवासी बिधल के साथ मिलकर 22 अप्रैल को गन्नौर स्थित पीएनबी से नकदी लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके लिए पहले रेकी की गई थी और उसके बाद डकैती डाली गई।
अमित देता था हथियार खरीदने को रुपये, कमांडो करता था सप्लाई
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बड़े ही शातिर बदमाश हैं। अमित दिल्ली में आरोपियों को हथियार खरीदने के लिए रुपये देता था। वहीं आरोपी दीपक हथियारों को सप्लाई करता था। इन्होंने हाल ही पांच अवैध हथियारों की खरीदारी की थी। राई व सदर थाने में दीपक उर्फ कमांडो पर अवैध हथियार रखने के मुकदमे दर्ज हैं।
विकास पर दर्ज मुकदमे
आरोपी विकास ने बताया कि 7 नवंबर 2017 को उसपर थाना शहर सोनीपत में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज है। इसके अलावा 21 जून 2018 को थाना शहर सोनीपत में मारपीट एवं सरकारी डयूटी में बाधा पहुंचाने और 12 अप्रैल 2019 को थाना सदर सोनीपत में हत्या की घटना में संलिप्त रहने का मुकदमा दर्ज है।
आरोपियों पर दर्ज मुकदमे
13 फरवरी 2018 में थाना शहर सोनीपत में जान से मारने की धमकी देने
12 मार्च 2018 को थाना सिविल लाइन सोनीपत में लूट का मुकदमा
17 मार्च 2019 को थाना सदर सोनीपत में हवाई फायर करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला
12 अप्रैल 2019 को थाना सदर सोनीपत में हत्या का मुकदमा
22 अप्रैल 2019 को थाना सदर सोनीपत में लूट का मुकदमा
22 अप्रैल 2019 गन्नौर स्थित पीएनबी शाखा से नकदी लूटने का मुकदमा
पुलिस की टीमों ने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक व हथियार बरामद हुए हैं। कोर्ट ने एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं अन्य आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। -डॉ. रविंद्र, डीएसपी