लापता इन्वेस्टर की हत्या, नाले से मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ स्थित खुड्डा लाहौरा से तीन दिन से लापता इंवेस्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में वीरवार दोपहर सेक्टर-23 के बरसाती नाले में पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो शव फूला हुआ था और पेट व कमर पर चोट के निशान थे।
मृतक की पहचान खुड्डा लौहरा निवासी 44 वर्षीय कृष्ण कुमार के रुप में हुई। प्राथमिक जांच में पता चला कि कृष्ण कुमार की हत्या कर शव नाले में फेंका गया है। कृष्ण कुमार की अल्टो गाड़ी नं सीएच-04ई-8590 गायब है।
मृतक के परिजनों ने रुपये लेने वालों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। कृष्ण कुमार को कई दिन से रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी वाले फोन आ रहे थे। पुलिस ने शव को सेक्टर 16 मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस स्टेशन में पति के गुम होने की शिकायत
खुड्डा लौहरा निवासी प्रेमो देवी ने बताया कि 15 जुलाई की शाम उसका पति घर से किसी काम केलिए निकला था। शाम को फोन आया कि वह अपने दोस्त से मिलने डेराबस्सी जा रहे हैं, लेकिन वापस नहीं आए।
मंगलवार रात को उसकी तलाश करते रहे। बुधवार दोपहर कृष्ण के भाई मनोज ने फोन किया तो आगे से कहा गया कि कृष्ण कुमार मीटिंग में हैं बाद में फोन करवा देंगे। उसके बाद मोबाइल फोन बंद हो गया।
उन्होंने तुरंत जाकर सेक्टर 11 पुलिस स्टेशन में पति के गुम होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। दोपहर को मनोज सेक्टर 17 से घर आ रहा था। सेक्टर 23 के नाले केपास लोग इकट्ठे हुए थे। उसने जाकर देखा तो नाले में कृष्ण का शव गिरा हुआ था।
उधारी देना था, लोगों के रुपये इंवेस्ट करवाए थे
मनोज कुमार ने बताया कि भाई कृष्ण कुमार को कई दिनों से लोग धमकियां दे रहे थे। जिसके चलते वे परेशान चल रहे थे। उन्होंने बताया कि भाई कोरियर और लोगों के रुपये इंवेसट करने का काम करता था।
कृष्ण कुमार ने कई लोगों के लाखों रुपये देने थे। 2011 में कृष्ण कुमार ने रुपये दुगने करने केनाम पर कई लोगों के रुपये सेक्टर 9 स्थित एटीआरएस कंपनी में रुपये इंवेस्ट करवाए थे।
थोड़े दिनों बाद कंपनी बंद हो गई थी और लोगों ने कृष्ण कुमार से रुपये मांगने लग गए थे। रुपये न मिलने पर कई लोगों ने जिला अदालत में कृष्ण कुमार पर केस कर रखे है।
कॉल डिटेल खंगालने में लगी पुलिस टीम
कृष्ण कुमार पर सुमन नाम की महिला ने अपहरण का मामला भी दर्ज करवाया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने कृष्ण कुमार को बरी कर दिया था।
कृष्ण कुमार की हत्या मामले में सेक्टर 17 थाना पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस पता लगाने में लगी है कि 15 जुलाई से अब तक कृष्ण कुमार के मोबाइल फोन पर आखिरी बात किस से हुई।
डीएसपी सेंट्रल आशीष कपूर ने बताया कि लापता कृष्ण कुमार का शव नाले में पड़ा मिला है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का असल कारण पता चलेगा। परिजनों ने कई लोगों पर हत्या के आरोप लगाए है पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।