सोनीपतः गोहाना में युवती की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या, परिचित को देने आई थी दस्तावेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के रोहतक-पानीपत हाईवे पर सोमवार को दिनदहाड़े युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवती रोहतक के सेक्टर-14 से गोहाना में अपने परिचित बीएसएफ जवान के पास दस्तावेज देने आई थी। बीएसएफ जवान व उसकी पत्नी का कहना है कि रोहतक रोड पर स्नैचर युवती की चेन झपटने लगे, जिसका विरोध किया तो उन्होंने चाकू मारकर युवती की हत्या कर दी।
दंपती ही युवती को लेकर अस्पताल पहुंचा था। हालांकि दंपती की बताई जगह पर पुलिस को खून तक नहीं मिला है और बयान भी आपस में नहीं मिल रहे हैं। पुलिस ने युवती के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस मामले की जांच शुरू करते हुए जल्द ही खुलासा करने का दावा किया है।
रोहतक के सेक्टर-14 की रहने वाली शिवानी (22) गोहाना के गांव गंगाना में रहने वाले बीएसएफ के जवान राहुल व उसकी पत्नी अंजू की परिचित थी। शिवानी का सोमवार को राहुल से संपर्क हुआ और उसे गोहाना कुछ दस्तावेज देने के लिए बुला लिया। राहुल और उसकी पत्नी अंजू दस्तावेज लेने के बाद शिवानी को अपनी कार में बैठाकर रोहतक छोड़ने के लिए चल पड़े।
उनका कहना है कि जब वह रोहतक-पानीपत हाईवे पर बाईपास के निकट पहुंचे तो शिवानी ने कहा कि उसे अंबाला किसी काम से जाना है और उसे बाईपास पर उतार दें। शिवानी को उन्होंने बाईपास पर उतार दिया और वह एक दुकान से पानी लेने चले गए। राहुल और उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया है कि इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए और शिवानी की चेन झपटने की कोशिश करने लगे।
शिवानी ने विरोध किया तो वह उस पर चाकू से वार कर फरार हो गए। राहुल व उसकी पत्नी अंजू ही शिवानी को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एएसपी उदय सिंह मीना व शहर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। शिवानी के भाई की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
दंपती की बताई जगह पर पुलिस को नहीं मिला खून
युवती को अस्पताल लेकर पहुंचा राहुल बीएसएफ में नौकरी करता है और वह छुट्टी पर आया हुआ है। उसकी पत्नी अंजू गुरुग्राम में नौकरी करती है। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए जब दंपती को घटनास्थल दिखाने को कहा तो उनके बताए गए स्थान पर पुलिस को खून तक नहीं मिला।
साथ ही दंपती के बयान में भी विरोधाभास है। पुलिस हर तरह से मामले की जांच में जुटी है। इस मामले में पुलिस ने दंपती से पूछताछ की और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
परिजनों का रोकर बुरा हाल
बेटी की हत्या की सूचना मिलते ही शिवानी के पिता, भाई व मां भी अस्पताल में पहुंचे। उनका अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उन्हें पुलिस से बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली है। उन्हें नहीं पता कि उनकी बेटी की हत्या किसने की है। पुलिस व परिजन उन्हें सांत्वना दे रहे थे।
युवती की चाकू से हमला कर हत्या की गई है। युवती के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की कई पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द मामले से पर्दा उठाया जाएगा। उदय सिंह मीणा, एएसपी गोहाना