‘हां, यही वो अंकल हैं जो मुझसे स्कूल बस में गंदी हरकतें करते थे’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यस मैम, यही वो बस वाले अंकल हैं जो मुझे घर से स्कूल ले जाते थे और घर भी लाते थे। ये अंकल मेरे साथ बस में गंदी-गंदी हरकतें करते थे। बार-बार मेरे कपड़ों में हाथ डालते थे।
इनके कारण ही मुझे स्कूल भी चेंज करना पड़ा। सहमी हुई सी पांच साल की बच्ची ने तुतलाते हुए शब्दों में कोर्ट में न्यायाधीश के समक्ष यह बातें कहीं। मामला चंडीगढ़ के स्टेपिंग स्कूल की पांच वर्षीय छात्रा से स्कूल बस के कंडक्टर के छेड़छाड़ से जुड़ा है।
इससे पहले जब मासूम छात्रा कोर्ट में बयान दर्ज कराने और आरोपी बस कंडक्टर की पहचान करने आई तो न्यायाधीश ने उसे अपनी सीट के पास बुलाया। उन्होंने प्यार से उनका नाम पूछा और जब तक बच्ची नार्मल नहीं हुई तब तक उनसे बातचीत की। इसके बाद बच्ची ने कोर्ट में आरोपी बस कंडक्टर जगजीत सिंह की पहचान की और उक्त बातें बताईं।
सोमवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंशु शुक्ला की कोर्ट में स्टेपिंग स्कूल की पांच वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ मामले में पीड़ित बच्ची के बयान दर्ज किए गए।
स्कूल आते-जाते बस में छेड़छाड़ करता था कंडक्टर
शिकायतकर्ता की वकील मंजीत कौर ने बताया कि बच्ची के बयान से पहले उसके पिता ने अदालत को पूरे केस की जानकारी दी। साथ ही बताया कि मामला सामने आने के बाद उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल को इसके बारे में बताया, लेकिन उन्होंने आरोपी को केवल थप्पड़ मारकर मामले को रफा दफा करने का प्रयास किया।
साथ ही आरोपी बस कंडक्टर को एक दिन बस के साथ नहीं भेजा, लेकिन दूसरे दिन से ही आरोपी फिर से बस में आ गया। इसके बाद से उनकी बच्ची डरी सहमी रहने लगी और उसने स्कूल जाने से ही मना कर दिया था। बच्ची के पिता ने कोर्ट में बताया कि मामले की स्कूल प्रशासन स्तर पर कोई सुनवाई नहीं की गई।
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए छह अक्तूबर की तारीख तय की है। आरोपी जगजीत सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा-8 और छेड़छाड़ की धारा 354, 354-ए के तहत केस का ट्रायल चल रहा है।
ये है मामला: बच्ची के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उनकी 5 वर्षीय बेटी सेक्टर-38 स्थित स्टेपिंग स्टोन्स स्कूल में के जी में पढ़ती है। स्कूल की जिस बस से वह आती-जाती है उसका ड्राइवर जसबीर सिंह और कं डक्टर मुल्लांपुर निवासी जगजीत है।
7 मई, 2015 की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने शिकायत में कहा कि उनकी बेटी स्कूल से छुट्टी के बाद जब घर पहुंची तो घबराई हुई थी। बेटी ने बताया कि जगजीत उससे छेड़छाड़ करता है। इसके बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कंडक्टर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।