शादी का झांसा देकर हिसार की युवती से पंचकूला में दुष्कर्म, ताला तोड़ फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी का झांसा देकर हिसार की युवती से पंचकूला में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसका खुलासा तब हुआ, जब हिसार पुलिस पीड़िता को लेकर सोमवार को पंचकूला सेक्टर 20 पहुंची।
यहां एक मकान का ताला तोड़कर पुलिस टीम ने उस कमरे का निरीक्षण किया, जिसमें युवती को रखा गया था। फोरेंसिक टीम ने सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए। हालांकि पुलिस टीम ने मीडिया को कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। करीब एक घंटे यहा रुकने के बाद टीम युवती को लेकर हिसार रवाना हो गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले हिसार का एक युवक पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सनसिटी परिवर्तन ईडब्ल्यूएस के क्वार्टर नंबर-216 बी ब्लॉक में युवती को लेकर आया था। करीब चार दिन दोनों यहां ठहरे। एक स्थानीय युवक ने यह क्वार्टर आरोपी को किराए पर दिलवाया।
उसने मकान मालिक से बताया कि दोनों पति-पत्नी हैं। चार दिन बाद ही क्वार्टर को ताला लगाकर वह गायब हो गए। जानकारी मिली है कि युवती की शिकायत पर मेडिकल करवाने के बाद हिसार पुलिस ने 19 मई को दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। युवती ने शिकायत में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की बात कही है।
पत्थर मारकर तोड़ा कमरे का ताला
पुलिस की टीम में दो महिलाएं और चार जवान सिविल वर्दी में थे। जवानों ने मकान के गेट पर लटक रहे ताले को पत्थर मारकर तोड़ा। इसके बाद पंचकूला की फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठे किए। फॉरेंसिक टीम ने मकान के दरवाजों को बारी-बारी से चेक किया। वहीं कमरे के अंदर लगे बेड, बिस्तर और खिड़कियों की हालत को कैमरे में कैद किया।
आसपास के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक युवक इस युवती को लेकर यहां आया था और वह करीब तीन-चार दिन यहीं ठहरा था। युवती की उम्र 18 से 20 साल के बीच है। जैसे ही पुलिस की टीम इलाके में पहुंची आसपास के लोग भी वहां इकट्ठे हो गए।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
सेक्टर-20 थाना प्रभारी दिलीप ने बताया कि हिसार पुलिस दुष्कर्म पीड़िता की निशानदेही पर पंचकूला आई थी। उनके साथ सेक्टर-20 थाना पुलिस का सिपाही भी साथ भेजा गया था। करीब एक घंटे की जांच के बाद हिसार पुलिस युवती को लेकर लौट गई।