चचेरे ससुर, जेठ और देवर ने विवाहिता से किया दुष्कर्म, बेटी से भी की छेड़छाड़
हिसार की एक कॉलोनी निवासी विवाहिता ने अपने चचेरे ससुर, चचेरे जेठ और चचेरे देवर पर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने चचेरे ससुर पर उसकी बेटी के साथ भी छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आजाद नगर थाने में शिकायत दी है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चचेरे ससुर, उसके बेटे और एक अन्य के खिलाफ धारा 452, 376(2एन), 376(2एफ), 506, 354ए, 9 और 10 पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 2006 में उसकी शादी हुई थी। उसके पति के माता-पिता का बचपन में निधन होने के कारण वह अपने चाचा के पास रहते थे।
शादी के कुछ समय बाद चाचा ससुर उससे छेड़छाड़ करने लगा। इस बारे में उसने अपने पति को बताया तो चचेरे ससुर ने कहा कि आगे ऐसा नहीं करूंगा। 2007 में एक दिन घर में वह अकेली थी। उस दौरान चचेरे ससुर ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब इस बारे में पति को बताने की बात कही तो ससुर ने कहा कि तेरी चार महीने की बेटी को मार दूंगा।
उसके बाद से ससुर लगातार दुष्कर्म करता रहा। इसी दौरान 2014 में चचेरा देवर घर पर आया तो उसने उसकी नहाते हुए अश्लील वीडियो बना ली और कहा कि अगर मेरे साथ संबंध नहीं बनाए तो वीडियो वायरल कर दूंगा। फिर चचेरे देवर ने वीडियो वायरल करने की बात कहकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
बाद में जेठ ने भी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। इतना कुछ होने के बाद वह पति और बच्ची के साथ अलग रहने लगी। यहां पर जाने के बाद उसका ससुर घर आने लगा और बेटी के साथ भी छेड़छाड़ करने लगा। जब विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर चचेरे ससुर, चचेरे जेठ और देवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।