दो बेटियों को वाटर टैंक में डूबो खुद भी डूबी
दहेज प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने 2 मासूम बच्चियों समेत पानी की टंकी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना पंजाब के बठिंडा के गोनियाना मंडी की है।
थाना नेहियांवाला पुलिस ने इस मामले में पति गुरलाल सिंह, यूथ अकाली जिला अध्यक्ष बलकार सिंह बराड़ समेत 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतका अमनप्रीत कौर के भाई गुरशरन सिंह निवासी नया गांव ने बताया कि उसकी बहन अमनप्रीत कौर की शादी वर्ष 2009 में गोनियाना मंडी के रहने वाले गुरलाल सिंह से हुई थी। शादी में उन्होंने 50 लाख रुपये के करीब खर्च किया व दहेज भी दिया था। उसने बताया कि शादी के बाद उसकी बहन के लड़की हुई।
बहन को परेशान करते थे ससुराल वाले
उसके बाद ससुराल परिवार अक्सर ही उसकी बहन को परेशान करता रहता था। 14 माह पहले उसकी बहन के जुड़वां पैदा हुए। इनमें एक लड़की व एक लड़का था। इसके बाद उसके ससुराल वालों ने छूछक के तौर पर 15 लाख रुपये मांगे।
उसकी बहन ने इससे साफ इंकार कर दिया था। मृतका के भाई ने कहा कि शुक्रवार शाम को उसकी बहन का उनको फोन आया था कि उसके साथ ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उससे मारपीट की है, जब देर शाम वे बहन के ससुराल पहुंचे तो वहां से सभी ससुराल वाले फरार थे और बाद में उन्हें पता चला कि उसकी बहन ने अपनी दोनों बच्चियों (एक साढ़े चार साल की व दूसरी 14 माह की) संग मंडी की पानी वाली टंकी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली है।
थाना नेहियांवाला प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मृतका के पति गुरलाल सिंह, चाचा ससुर ओंकार सिंह व उसकी पत्नी सास जसबीर कौर, ससुर कतर सिंह, अकाली दल के यूथ जिला अध्यक्ष बलकार सिंह बराड़ व उसकी पत्नी ब्लॉक समिति सदस्य रूपिंदर कौर के खिलाफ दहेज का सामान खुर्द-बुर्द करने और खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।