सोशल साइट पर परवान चढ़ा प्यार और अंत...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल साइट्स के जरिये प्यार में डूबी एक युवती पहले प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई और जब लौटी तो तीन दिन बाद संदिग्ध हालात में उसका शव घर में पड़ा मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सदर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि 23 वर्षीय युवती ने बीए तक पढ़ाई की है।
पिछले महीने 10 अक्टूबर के करीब वह जींद जिले के एक युवक के साथ अपने घर से चली गई थी। पुलिस ने इस संबंध में उसके परिजनों के बयान पर मुकदमा भी दर्ज किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि 30 अक्टूबर को युवती के वापस लौटने पर उसे कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज करवाए गए थे।
उस वक्त युवती ने कहा था कि वह युवक के साथ अपनी मर्जी से गई थी। पुलिस के मुताबिक युवती की युवक से पहचान सोशल साइट के जरिये हुई थी।
पुलिस ने बताया कि युवती के परिजनों का कहना है कि घर लौटने के बाद युवती मानसिक तौर पर परेशान रहने लगी थी। रविवार को वह घर में अकेली थी। युवती के पिता कहीं बाहर गए हुए थे, जबकि उसकी मां बाहर घरेलू काम में लगी हुई थी। इसी बीच युवती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
सुसाइड नोट में प्रेमी को ठहराया जिम्मेदार
पुलिस का कहना है कि बाद में जब युवती की मां घर पहुंची तो उसने अपनी बेटी को मृत पाया। इस पर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि मौके से किसी जहरीले पदार्थ का खाली पाउच या शीशी नहीं मिली है। युवती के परिजनों का कहना है कि उसकी मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। पुलिस ने शव को यहां सिविल अस्पताल में रखवा दिया है, सोमवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सदर थाना प्रभारी जगबीर सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मौके से मिले एक सुसाइड नोट में युवती ने लिखा है कि उसे जींद जिले के युवक ने प्यार में धोखा दिया है। पुलिस के मुताबिक इस सुसाइड नोट में कहा गया है कि उक्त युवक ने शादी की बात कहकर उसके साथ दुराचार किया। इसी के चलते वह अब आत्महत्या कर रही है।