40 सेकेंड में पेट्रोल पंप के सेल्समैन से लूटे सवा दो लाख, पहले बाइक से गिराया फिर डंडों से किया हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिसार रोड स्थित गोयल फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप के सेल्समैन से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सवा दो लाख रुपये लूट लिए। लूट की वारदात पेट्रोल पंप से डेढ़ किलोमीटर दूर किशन चंद कॉलोनी में हुई। लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी जगत सिंह और शहर थाना प्रभारी यादराम मौके पर पहुंचे। बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी करके तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
झील गांव निवासी विक्रम हर रोज की तरह पेट्रोल पंप से रुपये लेकर बैंक में जमा करने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से सवा दो लाख रुपये लेकर निकला, एक मोटरसाइकिल पर सवा तीन बदमाश उसके पीछे लग गए। रजवाहा रोड पर आने के बाद विक्रम ने अपनी बाइक को किशन चंद कॉलोनी की ओर घुमा लिया।
कॉलोनी से सीधा रास्ता एक्सिस बैंक की तरफ जाता है। पीछे लगे बदमाशों ने दूसरी गली से आकर विक्रम की मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। गिरते ही बदमाशों ने विक्रम पर डंडों से हमला कर दिया। पैसों से भरा बैग उसके हाथ से गिर गया। बदमाशों ने थैला उठाया और फरार हो गए। विक्रम ने तुरंत इसकी जानकारी पेट्रोल पंप मालिक को दी। लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी जगत सिंह और शहर थाना प्रभारी यादराम भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि विक्रम के बयान पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
40 सेकंड में दिया वारदात को अंजाम
सेल्समैन विक्रम एक वर्ष से पेट्रोल पंप पर काम कर रहा है। हर रोज वह और एक अन्य कर्मचारी रुपये जमा करने के लिए एक्सिस बैंक जाते हैं। गुरुवार को विक्रम को पैसे जमा करने के लिए भेजा गया था। जब वह किशन चंद कॉलोनी से जाने लगा तो बदमाशों ने 40 सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर सवा दो लाख रुपये लूट लिए।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। 12 बजकर एक मिनट 50 सेकेंड पर बदमाशों ने विक्रम से रुपये लूटना शुरू किया और 12 बजकर 2 मिनट 30 सेकेंड पर लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। कयास लगा जा रहा है कि बदमाश कई दिन से रेकी कर रहे थे। वारदात के दौरान सेल्समैन पेट्रोल पंप से डेढ़ किलोमीटर जा चुका था, वहां से बैंक सिर्फ एक किलोमीटर रहा गया था।
दिनदहाड़े हुई घटना ने पुलिस पर फिर उठाए सवाल
दिनदहाड़े हुई लूट से एक बार फिर पुलिस कटघरे में खड़ी हो गई है। नरवाना में लूटपाट और चोरी की घटनाओं में पिछले दो महीने में काफी इजाफा हुआ है। लोगों का कहना है कि नरवाना में अपराधी पूरी तरह से बेखौफ हैं और उनको पुलिस का डर नहीं है।