फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   International Drug Racket Exposed in Amritsar of Punjab, Drugs Seized

सिंथेटिक ड्रग की फैक्ट्री पकड़ी, 194 किलो हेरोइन बरामद, अफगानी नागरिक समेत सात गिरफ्तार

Sat, 01 Feb 2020 09:14 AM IST
खुशबू गोयल अशोक नीर, अमर उजाला, अमृतसर(पंजाब)
अशोक नीर, अमर उजाला, अमृतसर(पंजाब) Published by: खुशबू गोयल Updated Sat, 01 Feb 2020 09:14 AM IST
विज्ञापन
International Drug Racket Exposed in Amritsar of Punjab, Drugs Seized
नशे की खेप - फोटो : सांकेतिक तस्वीर

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक संयुक्त ऑपरेशन में गुरुवार देर रात व्यस्त क्षेत्र सुल्तानविंड रोड स्थित एक कोठी में चल रही सिंथेटिक ड्रग की फैक्ट्री से 194 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर एक अफगानी नागरिक और एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

विज्ञापन

 

इसके अलावा मौके से मॉर्फीन, कोकीन के साथ-साथ प्लास्टिक के छह ड्रम में रखे नशीले पदार्थों का घोल भी बरामद किया गया है। इन ड्रमों में कौन सा नशीला पदार्थ है इसके सैंपल जांच के लिए लैबोरेटरी में भेज दिए गए हैं। एसटीएफ के मुखिया हरप्रीत सिद्धू ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हेरोइन में अन्य नशीले पदार्थों को मिक्स कर उसकी मात्रा बढ़ाकर पंजाब और अन्य राज्यों में बेचने वाले इस गिरोह के तार यूरोप समेत अन्य देशों तक फैले हुए हैं।

विज्ञापन

 

एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि इस गिरोह के तार अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुखबीर सिंह उर्फ हैप्पी, अंकुश कपूर कपड़ा व्यापारी, अफगान नागरिक अरमान, महिला तमन्ना गुप्ता, मेजर सिंह और जिम संचालक सुखविंदर सिंह हैं। अफगान नागरिक अरमान कुछ दिन पहले दिल्ली से आया था। महिला की भूमिका की जांच एसटीएफ कर रही है। आरोपी सुखजिंदर सिंह इलाके में ही जिम का संचालन करता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

कोठी में बनी थी लैब

सिद्धू ने बताया कि अफगान नागरिक अरमान हेरोइन में अन्य नशीले पदार्थ मिक्स कर उसकी मात्रा बढ़ाने का विशेषज्ञ है। जिस कोठी से नशीले पदार्थों की खेप बरामद हुई है, वहां हेरोइन को अन्य नशीले पदार्थों में मिक्स करने की लैब स्थापित थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन तस्करों ने एक महीने पहले ही इस कोठी में हेरोइन को मिक्स करने का धंधा शुरू किया था।

 

इससे पहले अरमान की मदद से दिल्ली में सिंथेटिक ड्रग बनाते थे। बरामद हेरोइन सीमा पार से आई या अन्य रास्तों से, इस बात की जांच चल रही है। हरप्रीत सिद्धू ने कहा कि इस रैकेट में जो भी शामिल होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं जब उनसे यह पूछा गया कि क्या कोठी किसी अकाली दल के कार्यकर्ता की है, तो उन्होंने कहा कि अभी जांच चल रही है। जांच के बाद ही उन्हें इसमें शामिल किया जाएगा। 

नशा तस्कर किसी भी पार्टी का हो, बख्शा नहीं जाएगा : कैप्टन
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि एसटीएफ द्वारा शुक्रवार को अमृतसर में पकड़ी गई 194 किलो से अधिक हेरोइन के मामले में कोई भी हो, किसी भी पार्टी का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में जो मुख्य किंगपिन पकड़ा गया है, वह अकाली सरकार के दौरान एसएस बोर्ड का सदस्य था।

 

उन्होंने कहा कि नशे का खात्मा करने के लिए ऐसे कदम उठाए जाएंगे, जिससे राज्य से नशा पूरी तरह खत्म किया जा सके। उन्होंने बताया कि आरंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस मामले के तार विभिन्न देशों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तब तक जंग जारी रखेगी जब तक इस समस्या को जड़ से खत्म नहीं कर दिया जाता।

जिम में परवान चढ़ी दोस्ती, शुरू कर दिया काला धंधा

क्वींस रोड स्थित एक जिम में वर्कआउट करने के लिए जाने वाले कपड़ा व्यापारी अंकुश कपूर की दोस्ती जिम संचालक सुखविंदर सिंह के साथ हुई। मेजर सिंह भी उनका दोस्त बन गया। शहर के पॉश इलाके क्वींस रोड में कपड़े के शोरूम के मालिक अंकुश कपूर और उसके नए बने दोस्तों में धन कुबेर बनने की जगी लालसा ने ही उन्हें नशे के धंधे में कदम बढ़ाने को मजबूर किया।

मेजर सिंह सीमावर्ती गांव नॉशेरां खुर्द का रहने वाला है और सीमावर्ती गांवों के अंतरराष्ट्रीय तस्करों से पहचान रखता है। इन्हीं तस्करों ने मेजर सिंह की पहचान सिमरन संधू से करवाई, जो पहले ही हेरोइन की तस्करी में शामिल था। गुजरात पुलिस ने सिमरन संधू को 300 किलोग्राम हेरोइन के मामले में भगोड़ा घोषित किया हुआ था। गुजरात पुलिस ने इंटरपोल की मदद से संधू को वीरवार को इटली से गिरफ्तार किया था। संधू के गिरफ्तार होने के 24 घंटे बाद ही इंटरनेशनल ड्रग माफिया को गिरफ्तार करने में एसटीएफ सफल हो गई।

सूत्रों के अनुसार, हेरोइन में सिंथेटिक ड्रग में प्रयोग किए जाने वाले केमिकल मार्फिन, कोकीन और डेक्स्ट्रोमेथॉन को मिक्स कर उसकी मात्रा बढ़ाने के लिए अफगान नागरिक अरमान को इस गिरोह के साथ काम करने के लिए भेजा गया था। अंकुश और सुखबीर सिंह उर्फ हैप्पी हेरोइन की खेप को बेचने के लिए चंडीगढ़, मोहाली और उसके आसपास के इलाकों में सक्रिय थे। मेजर सिंह और सुखविंदर कोठी में बैठकर अरमान का हेरोइन की मिक्सिंग के काम में हाथ बंटाते थे। गिरफ्तार तमन्ना गुप्ता शहर के पॉश इलाके एनम सिनेमा के पास की रहने वाली थी। वह इस गिरोह में कैसे और कब शामिल हुई, इस बारे में अभी सुरक्षा एजेंसी चुप हैं।

शिअद नेता की कोठी में चल रहा था काला कारोबार

सुल्तानविंड रोड स्थित आकाश एवेन्यू में स्थित जिस कोठी में हेरोइन की मिक्सिंग की फैक्टरी चल रही थी, वह कोठी शिरोमणि अकाली दल के नेता अनवर मसीह की है। अनवर मसीह के अनुसार यह कोठी उसने जिम चलाने वाले सुखविंदर सिंह को एक महीने पहले किराये पर दी थी। बाद में उसने सुखविंदर के साथ इस कोठी को बेचने का सौदा कर लिया था।

दो दिन बाद इस कोठी की रजिस्ट्री की जानी थी। इस कोठी में क्या धंधा चल रहा था, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। कोठी के लिए उसने सुखविंदर सिंह से चार लाख की राशि बयाने के रूप में भी ले रखी है। इसके दस्तावेज भी उसके पास हैं। उसने इस कोठी को पहले भी किराये पर दिया हुआ था। पहले यहां पर पंप बनाने की फैक्टरी थी।

अनवर मसीह शिअद में ईसाई भाईचारे के कोटे का नेता था। 1997 में शिअद-भाजपा के सत्ता में आने के बाद वह ईसाई नेता के रूप में उभरा था। तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बदल ने मसीह को स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) का सदस्य नियुक्त किया था। अनवर मसीह अकाली नेताओं के साथ अकसर देखा जाता था। हालांकि उसने अकाली दल से जुड़े होने की बात नकार दी। है।

उसने कहा कि वह समाज सेवक है। उसके द्वारा कोठी किराये पर देने का मामला किसी राजनीतिक पार्टी के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हालांकि मसीह अकाली नेताओं के साथ अकसर देखा जाता था और अकाली दल की रैलियों में मसीह भाईचारे के लोगों की भीड़ जुटाता रहा है।

वहीं गिरफ्तार महिला तमन्ना गुप्ता की मां ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसकी बेटी बेगुनाह है। वह वीरवार से ही लापता थी और उसका मोबाइल बंद आ रहा था। उसकी बेटी का इन लोगों के साथ कोई भी संबंध नहीं है।

मोहाली से पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के बाद हुई कार्रवाई

एसटीएफ ने 29 जनवरी को मोहाली में नशा सप्लाई करने वाले दो तस्करों को छह किलो हेरोइन के साथ अरेस्ट किया था। गिरफ्तार तस्करों अंकुश व हैप्पी ने पूछताछ के दौरान बताया था कि उन्होंने यह हेरोइन सुल्तानविंड रोड स्थित एक कोठी से खरीदी है। इसके बाद एसटीएफ टीम ने 30 जनवरी की शाम को इस कोठी में छापामारी की। छापेमारी के दौरान वहां सिंथेटिक ड्रग बनाते अरमान और तमन्ना गुप्ता पकड़े गए थे।

सफेद कॉलर भी नशे के धंधे में शामिल, जांच एजेंसियां स्तब्ध
इस मामले में कपड़े का शोरूम चलने वाले अंकुश कपूर और तमन्ना गुप्ता की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां स्तब्ध हैं। अंकुश का शोरूम जहां स्थित है, वहां से कुछ ही मीटर की दूरी पर ही तमन्ना का घर है। अच्छी कमाई करने वाले अंकुश कपूर ने इस धंधे में अपने साथ अन्य सफेद कॉलर लोगों को भी जोड़ा हुआ था। जांच एजेंसी ने अंकुश के शोरूम को भी खंगाला हैं। वहां से क्या बरामद हुआ, इस पर अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

नशे के इन सौदागरों ने अफगानी नागरिक अरमान को भी सुल्तानविंड रोड के आकाश एवेन्यू की एक कोठी में किराये के मकान में ठहराया हुआ था। हेरोइन की मिक्सिंग के लिए एक ग्राइंडर, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, गैस बर्नर के साथ-साथ स्टील और एलुमीनियम के कई बड़े बर्तन भी बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed