भ्रष्टाचार: हरियाणा टूरिज्म का जेई 10 हजार रुपये रिश्वत लेता पकड़ा गया, ऐसे विजिलेंस की जाल में फंसा
विजिलेंस के अनुसार हरियाणा टूरिज्म के दो मुख्य दफ्तर हैं। फरीदाबाद में क्षेत्रीय दफ्तर और चंडीगढ़ सेक्टर-17 में मुख्य दफ्तर है। सुरेश फोगाट पहले क्षेत्रीय दफ्तर में फरीदाबाद में तैनात था। फरीदाबाद में रहते हुए भी उसने धर्मेंद्र के बिल पास करवाने के लिए रुपये लिए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विजिलेंस विभाग ने सोमवार रात हरियाणा टूरिज्म के जेई को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी निवासी सुरेश फोगाट के रूप में हुई है। वर्तमान में आरोपी पंचकूला के भैंसा टिब्बा में रह रहा था। विजिलेंस ने आरोपी को सेक्टर-26 स्थित द ग्रेट बियर बार में जाल बिछाकर दबोचा।
विजिलेंस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर भी दबिश दी। जेई को सेक्टर-17 थाने की हवालात में रखा गया है। पुलिस मामले में अन्य अधिकारियों के शामिल होने की भी जानकारी कर रही है।
30 हजार रुपये में हुआ था सौदा
रोहतक निवासी ठेकेदार धर्मेंद्र ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि उसने फरीदाबाद में हरियाणा टूरिज्म की चहारदीवारी बनाने का लगभग 27 लाख रुपये में ठेका लिया था। ठेके के लगभग 10 लाख रुपये विभाग से भुगतान नहीं हुआ है। बिल पास करने के लिए उसे परेशान किया जा रहा था। इससे पहले 9 लाख रुपये और 6 लाख रुपये के बिल पास कराने के लिए भी सुरेश फोगाट ने उससे करीब 80 हजार रुपये ले लिए थे।
इसके बाद 10 लाख रुपये के बिल को एक्सईएन से पास करवाने के लिए आरोपी 30 हजार रुपये मांग रहा था। आरोपी ने धर्मेंद्र को सेक्टर-17 स्थित हरियाणा टूरिज्म के दफ्तर में बुलाया और लेनदेन की बात हुई। धर्मेंद्र आरोपी जेई को 30 हजार रुपये देने के लिए तैयार हो गया। धर्मेंद्र ने पहली किश्त के तौर पर 10 हजार रुपये देने के लिए कहा था और बाकी के 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही।
सीसीटीवी फुटेज में पैसे लेते नजर आ रहा है आरोपी
धर्मेंद्र सोमवार की शाम पहली किश्त के 10 हजार रुपये देने के लिए सेक्टर-26 स्थित द ग्रेट बियर में गया था। धर्मेंद्र ने कहा था कि वह आज पार्टी देगा। धर्मेंद्र ने सुरेश को शाम करीब 6 बजे 10 हजार रुपये दिए। इसी दौरान बियर बार में ग्राहक बनकर बैठी विजलेंस की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया। उससे 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए सेक्टर-9 स्थित विजिलेंस दफ्तर लेकर आई जहां देर रात तक पूछताछ के बाद उसके पंचकूला स्थित भैंसा टिब्बा घर में छापेमारी की। विजिलेंस ने सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में ले लिया है जिसमें आरोपी रिश्वत लेते नजर आ रहा है।
फरीदाबाद में तैनात था आरोपी
विजिलेंस के अनुसार हरियाणा टूरिज्म के दो मुख्य दफ्तर हैं। फरीदाबाद में क्षेत्रीय दफ्तर और चंडीगढ़ सेक्टर-17 में मुख्य दफ्तर है। सुरेश फोगाट पहले क्षेत्रीय दफ्तर में फरीदाबाद में तैनात था। फरीदाबाद में रहते हुए भी उसने धर्मेंद्र के बिल पास करवाने के लिए रुपये लिए थे।
बिजली विभाग के जेई को भी हाल ही में किया था गिरफ्तार
11 जुलाई को सीबीआई ने सेक्टर-40 में तैनात बिजली विभाग के जेई सतीश शर्मा को 8000 रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी ने शिकायतकर्ता राजेंद्र के घर बिजली मीटर कनेक्शन का निरीक्षण किया था। जेई ने निरीक्षण के दौरान अधिक बिजली लोड और दो घरों में एक ही बिजली कनेक्शन इस्तेमाल करने पर राजेंद्र को जुर्माना लगाने की धमकी दी। जेई ने जुर्माने से बचने के लिए 8000 रुपये की रिश्वत मांगी। राजेंद्र ने आरोपी संतोष के खिलाफ सीबीआई को शिकायत दी। इसके बाद सीबीआई ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड सेक्टर-17 के जेई को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। - मनोज मीणा, एसएसपी विजिलेंस मुख्यालय।