रिश्तेदार को पीट 6 लोगों ने दिखाई महिला से दरिंदगी
कार सवार छह युवकों ने सोमवार शाम कैथल की एक महिला का अपहरण करने के बाद उससे कंडेला के खेतों में सामूहिक दुराचार किया। यह सनसनीखेज मामला हरियाणा के जींद का है। इससे पहले युवकों ने महिला के रिश्तेदार को डंडों से हमला कर उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
मंगलवार सुबह आरोपी महिला को गांव रुपगढ़ के एक मकान के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने महिला का सामान्य अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद छह युवकों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुराचार और एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कैथल निवासी एक महिला सोमवार शाम को अपनी रिश्तेदारी में जींद के एक गांव आ रही थी। महिला पटियाला चौक पर बस से उतरने के रिश्तेदार के साथ उसकी गाड़ी में आ रही थी। इसी दौरान उसके रिश्तेदार का जानकार गांव कंडेला निवासी मनोज भी गाड़ी में सवार हो गया। आरोपी मनोज ने अपने दोस्तों को गांव रुपगढ़ में बुला लिया।
इस दौरान जब महिला का रिश्तेदार गाड़ी से नीचे उतरा तो आरोपी मनोज के साथियों ने उस पर डंडों से वार कर बेसुध कर दिया। महिला ने युवकों के इरादे भांपते हुए कार को अंदर से लॉक कर लिया तो आरोपियों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद महिला को अपनी गाड़ी में खींचकर फरार हो गए।
बाद में आरोपियों ने गांव कंडेला के खेतों में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। महिला का अपहरण होते ही उसके रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। आरोपी युवक मंगलवार अल सुबह महिला को गांव रुपगढ़ के एक मकान के बाहर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने पूरे घटनाक्रम के बारे में परिजनों को बताया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने सामान्य अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद महिला की शिकायत पर गांव कंडेला निवासी चंद्रशेखर उर्फ बिल्लू, मनोज, जितेंद्र, काला, संदीप, सन्नी के खिलाफ सामूहिक दुराचार, अपहरण, एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पटियाला चौक पर शराब पी रहे थे आरोपी
महिला के रिश्तेदार ने बताया कि वह टैक्सी चलाने का काम करता है और गांव रुपगढ़ के एक व्यक्ति की गाड़ी चलाता है। सोमवार को गांव रुपगढ़ में एक युवक की शादी थी और उसकी बारात को लेकर कलायत गया था।
शाम को जब वह कलायत से बारात को लेकर गांव रुपगढ़ आ रहा था तो कैथल निवासी उसकी साले की पत्नी का फोन आया और उसने बताया कि वह उनके घर आ रही है। उसने साले की पत्नी को पटियाला चौक पर ही उतरने को कहा। वह बारात को गांव रुपगढ़ छोड़कर पटियाला चौक से अपनी महिला रिश्तेदार को गाड़ी में बैठाया। इसी समय गांव रुपगढ़ के एक व्यक्ति का फोन आया कि उनकी गाड़ी में दुल्हन का पर्स रह गया है।
वह अपनी रिश्तेदार महिला को गाड़ी में बैठाकर वापस रुपगढ़ जाने लगा। इस दौरान गांव कंडेला निवासी मनोज ने उसकी गाड़ी रुकवाकर उसमें सवार हो गया। मनोज ने योजनाबद्ध तरीके से कंडेला के पांच युवकों को फोन कर रुपगढ़ बुला लिया। जब वह रुपगढ़ जाकर गाड़ी को रोककर नीचे उतरा तो पहले से वहां पर खड़े मनोज के दोस्तों ने उसके सिर पर डंडों से वार कर उसको बेसुध कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी चंद्रशेखर उर्फ बिल्लू और मनोज के किसी दोस्त के यहां पर लड़का हुआ था। आरोपी पटियाला चौक पर शराब पी रहे थे। जब टैक्सी चालक अपने रिश्तेदार महिला को गाड़ी में बैठा रहा था तो इसी दौरान आरोपियों की नजर उन पर पड़ गई। योजनाबद्ध तरीके से आरोपी मनोज उसकी गाड़ी में सवार हो गया। बाद में सभी आरोपियों ने गांव रुपगढ़ में महिला का अपहरण कर उससे दुराचार किया।
पुलिस ने गाड़ी को किया बरामद
आरोपी जिस गाड़ी में महिला का अपहरण करके लेकर गए थे पुलिस ने उस गाड़ी को बरामद कर लिया है। एसएफएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी से साक्ष्यों को जुटाया। हालांकि पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में ले लिया हुआ है। हिरासत में लिए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
डीएसपी जयप्रकाश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला के साथ हुए सामूहिक दुराचार के स्थान का मुआयना किया। डीएसपी जयप्रकाश ने बताया कि गांव कंडेला के छह युवकों ने महिला का अपहरण करके उसके साथ सामूहिक दुराचार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।