मोहालीः रवि बलाचोर गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, तलाशी में मिले हथियार-ड्रग्स और कारतूस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला पुलिस ने शनिवार को रवि बलाचोरिया गैंग के दो हिस्ट्रीशीटरों को हथियार और ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी प्लानिंग करके हथियारों के बल पर गैंगस्टर बिन्नी गुज्जर को पुलिस कस्टडी से छुड़वाने और बिन्नी के पिता को मारने वाले दो लोगोें की हत्या करने की तैयारी में थे।
आरोपियों की पहचान अरुण कुमार उर्फ मनी निवासी गांव बाबू थाना हरोली जिला ऊना हिमाचल प्रदेश और उसके एक अन्य साथी संदीप कुमार उर्फ सैंडी निवासी गांव रामपुर बिलड़ो थाना गढ़शंकर जिला होशियापुर के रूप में हुई है।
यह खुलासा शनिवार को एसपी ऑफिस में हुई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी सिटी हरमनदीप सिंह हंस ने किया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के बाद पंजाब और हरियाणा में की गई कई आपराधिक वारदातें सुलझी हैं और दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। इनसे पूछताछ में कई और वारदातों के मामले सुलझने की उम्मीद है। दोनों हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ पुलिस एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
विशाल हत्याकांड में सैंडी ने की थी रेकी
आरोपी अरुण कुमार उर्फ मनी से पूछताछ में साफ हो गया है कि वह रवि बलाचोरिया गैंग का काफी एक्टिव सदस्य है। अरुण ने रवि बलाचोरिया के साथ मिलकर गांव रामपुर नजदीक थाना गढ़शंकर, होशियारपुर पंजाब के विशाल कुमार नाम के युवक की हत्या कर दी थी। जिसमें विशाल कुमार की रेकी संदीप कुमार उर्फ सैंडी ने की थी। वह भी पुलिस ने दबोच लिया है।
बैंक से लूटे थे 7 लाख 76 हजार
गैंगस्टर रवि बलाचोरिया और अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों हिस्ट्रीशीटर ने पंजाब के फगवाड़ा में पंजाब नेशनल बैंक से 7 लाख 76 हजार रुपये गन प्वाइंट पर लूटे थे। इस बैंक लूट में आरोपी अरुण कुमार उर्फ मनी भी शामिल था।
गुजरात पुलिस ने दबोचा था रवि बलाचोरिया को
हिस्ट्रीशीटर अरुण कुमार उर्फ मनी को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था और उसके बाद वह 2018 में पेरोल पर चल रहा था। लेकिन इसी दौरान से वह फरार चल रहा था। उसको गिरफ्तार करने के लिए सीआईए स्टाफ मोहाली की ओर से लगातार उसके ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। जिसमें पंजाब के लुधियाना, हरियाणा के चौटाला और यूपी के गांव जनपत जिला गौतम बुध नगर ग्रेटर नोएडा में रेड की गई। जहां से रवि बलाचौरिया पुलिस से बचकर गुजरात में भाग गया था। वहीं, उसे मोहाली पुलिस के इनपुट पर गुजरात पुलिस ने दबोच लिया था।
यमुनानगर और मोहाली में भी की वारदात
वहीं, पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने हरियाणा के यमुना नगर के एरिया में भी गन प्वाइंट पर आई-20 कार छीनी थी। इसके साथ ही अपने एक साथी के साथ मिलकर दिसंबर, 2019 में एयरो सिटी एरिया में गाड़ी लूटने की वारदात की थी।
हत्याकांड में पेरोल पर आने के बाद नहीं गया जेल
आरोपी अरुण कुमार उर्फ मनी ने साल 2013 में हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में विनोद जैन नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे उम्र कैद हुई थी। लेकिन जब 2018 में वह पेरोल पर आया तो फिर दोबारा वह जेल में वापस नहीं गया। इसके बाद से वह भगोड़ा हो गया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने एक साथी को पुलिस कस्टडी से भगाया था।
इन वारदातों को अंजाम देने की थी तैयारी
हिस्ट्रीशीटर अरुण कुमार उर्फ मनी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह रवि बलाचौरिया और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने साथी बिन्नी गुज्जर को हथियारों के बल पर पुलिस कस्टडी से भगाने की तैैयारी में थे। इसके अलावा बिन्नी गुज्जर के पिता की 2011 में की गई हत्या के मामले को लेकर दो लोगों जिसमें जेवी निवासी सुभाष नगर होशियारपुर और करमवीर सिंह हैप्पी उर्फ खरगोश शामिल थे, इन दोनों की हत्या करने की फिराक में थे। ये दोनों लोग अभी फरार हैं। अरुण कुमार पर 7 केस दर्ज हैं और यह केस ऊना, यमुनानगर, मोहाली, होशियारपुर और फगवाड़ा में दर्ज हैं।
आरोपियों से बरामद हुआ यह सामान
- 110 ग्राम नशीला पाउंडर
- एक पिस्टल तीस बोर समेत 5 कारतूस
- एक पिस्टल 315 बोर देसी समेत 10 कारतूस
- एक पिसटल 12 बोर देसी और 2 कारतूस
- एक एसेंट कार जो कि गढ़शंकर कत्ल केस में इस्तेमाल की गई थी
- एक मोबाइल फोन अरुण कुमार से
- एक मोबाइल फोन संदीप कुमार से