फर्जी एनकाउंटर: SSP सस्पेंड, SHO डिसमिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना के जमालपुर की आहलुवालिया कॉलोनी में कथित पुलिस मुठभेड़ में बीते शनिवार दो भाइयों की हत्या के मामले में पंजाब सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को न सिर्फ आईजी की रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई की बल्कि मामले की जांच के लिए उच्चाधिकारियों की एक कमेटी का भी गठन कर दिया।
इस कमेटी को 15 दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। अब तक इस प्रकरण की जांच कर रहे जालंधर जोन के आईजी निर्मल सिंह की रिपोर्ट पर सोमवार को उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और डीजीपी सुमेध सैनी के बीच विचार-विमर्श के बाद सरकार ने खन्ना के एसएसपी हर्ष कुमार बंसल को निलंबित कर दिया।
इसके साथ ही माछीवाड़ा के एसएचओ इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह, हवलदार यादविदर सिंह और होम गार्ड जवान अजीत सिंह व बलदेव सिंह को बर्खास्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के साथ ही सोमवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी करते हुए एडीजीपी (क्राइम) वीके भावरा और आईजी (निदेशक, स्टेट नारकॉटिक्स ब्यूरो) ईश्वर सिंह को जांच का जिम्मा सौंप दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने को कहा है।
दो भाईयों की हत्या कर दी थी
खन्ना जिला अंतर्गत माछीवाड़ा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने बीते शनिवार को लुधियाना के जमालपुर में एक घर पर छापा मारा था। आईजी (जालंधर जोन) की जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस पुलिस टीम के साथ थाना माछीवाड़ा के तहत आते गांव तखाना के गुरजीत सिंह भी थे।
इस दौरान हुए गोलीकांड में थाना समराला के गांव बोहापुर निवासी दो भाइयों हरिंदर सिंह उर्फ लाली और जतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी की मौत हो गई थी।
इस मामले में लुधियाना शहर के थाना जमालपुर में 27 सिंतबर को ही आईपीसी की धारा 302/34 के तहत एफआईआर दर्ज करके पुलिस पार्टी में शामिल हवलदार यादविंदर सिंह, होम गार्ड के अजीत सिंह व बलदेव सिंह सहित गुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था।
जांच में दोषी पाए गए अधिकारी और कर्मी
एडीजीपी (प्रशासन) एमके तिवारी के अनुसार, आईजी (जालंधर जोन) निर्मल सिंह ढिल्लो की रिपोर्ट में सामने आया कि खन्ना के एसएसपी हर्ष कुमार बंसल ने इस मामले में गैर जिम्मेदाराना व्यवहार का प्रदर्शन किया।
एसएसपी ने उन दोषी पुलिस अफसरों को बचाने की कोशिश की, जिन्होंने इस मामले को पुलिस मुठभेड़ का रूप देने की कोशिश की। वहीं, एसएचओ माछीवाड़ा इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह, हवलदार यादविदर सिंह और होम गार्ड जवान अजीत सिंह व बलदेव सिंह को नौकरी से बर्खास्त करने की सिफारिश रिपोर्ट में की गई।
एसएसपी जगरांव रवचरण सिंह बराड़ की अध्यक्षता में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) भी गठित की गई है। एडीसीपी-4 लुधियाना सतबीर सिंह अटवाल व एसीपी साहनेवाल लखबीर सिंह इसके सदस्य होंगे। यह टीम लुधियाना के पुलिस कमिश्नर की निगरानी में मामले की जांच करेगी।