हिम्मत तो देखो: नकली CBI अधिकारी, असली पुलिस लेकर पहुंचा, कोठी न खाली करने पर परिवार को धमकाया
नकली सीबीआई अफसर जब सेक्टर-2 पुलिस चौकी में पहुंचा तो किसी भी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ने उससे कोई सवाल-जवाब नहीं किया। यह जानने की भी कोशिश नहीं की वह कौन है और कहां से आया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक नकली सीबीआई अफसर असली पुलिस मुलाजिमों के साथ पंचकूला के सेक्टर-2 स्थित करोड़ों की कोठी को खाली करवाने स्कूटर पर पहुंचा, जबकि दोनों पुलिसकर्मी बाइक पर थे। कोठी में तीन घंटे उसने परिवार से खूब खातिरदारी करवाई। परिवार से मोबाइल और कैश की डिमांड भी की। इसके बाद उसने अपने साथी को वीडियो बनाने का आदेश दिया। उसकी इस हरकत से परिजनों को शक हुआ और उन्होंने 112 नंबर डायल कर पुलिस बुला ली।
सेक्टर-5 थाना पुलिस नकली सीबीआई अफसर को हिरासत में लेकर थाने ले आई। जहां पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह दिल्ली में सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है और मूलरूप से लखनऊ का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सेक्टर-2 निवासी बब्बन जैदी की कोठी को लेकर अपनी बहनों के साथ अदालत में केस चल रहा है। आरोपी उसके रिश्तेदार के कहने पर कोठी खाली करवाने पहुंचा था। बब्बन जैदी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनकी कोठी पर दानिश इकबाल अपने साथ एक व्यक्ति और सेक्टर-2 पुलिस चौकी से दो पुलिस मुलाजिम को लेकर पहुंचा। इसके बाद खुद को सीबीआई अफसर बताते हुए पूछताछ करने लगा। पीड़ित ने आरोपी के साथ पुलिस मुलाजिम को देखा तो उसे विश्वास हो गया की सीबीआई अफसर है।
बोला- कोठी खाली कर दो नहीं जेल जाना पड़ेगा
नकली सीबीआई अफसर ने कुछ समय बाद पुलिस मुलाजिम को वहां से वापस भेज दिया। इसके बाद उसने बब्बन जैदी से पूछताछ शुरू कर दी। उसने बयान लिखे और कहा कि यह कोठी जल्द खाली कर दो नहीं तो जेल जाओगे। शिकायतकर्ता ने उससे कहा कि अदालत में मामला विचाराधीन है। आरोपी ने शिकायतकर्ता को कई बार धमकाया। आरोपी के पास अदालत में चल रहे केस से संबंधित कई दस्तावेज भी थे। जब आरोपी ने अपने साथ आए व्यक्ति को शिकायतकर्ता के परिजनों का वीडियो बनाने को कहा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में हुआ खुलासा, नकली है सीबीआई अफसर
सेक्टर-2 पुलिस अधिकारी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर सेक्टर-5 थाने में ले जाकर पूछताछ की। आरोपी ने पुलिस अधिकारियों को भी गुमराह करने की कोशिश की। करीब दो घंटे बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। आरोपी ने बताया कि कोठी को खाली करवाने के लिए उसके रिश्तेदार ने उसे सेक्टर-2 कोठी पर भेजा था। आरोपी के पास से पुलिस को फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों से भी हुई बड़ी चूक
नकली सीबीआई अफसर जब सेक्टर-2 पुलिस चौकी में पहुंचा तो किसी भी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ने उससे कोई सवाल-जवाब नहीं किया। यह जानने की भी कोशिश नहीं की वह कौन है और कहां से आया है। किस मामले में वह मुलाजिमों को अपने साथ लेकर जाना चाहता है। पुलिस ने उससे लिखित में भी कोई कागजात नहीं लिए और दो मुलाजिमों को साथ में भेज दिया।
एक व्यक्ति नकली सीबीआई अफसर बनकर सेक्टर-2 स्थित कोठी में पहुंचा था। उसने एंटी नेशनल एक्टिविटी के बारे में पूछताछ करने के बहाने से पैसे और मोबाइल मांगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और उसे पूछताछ की जा रही है। - सुरेंद्र यादव, एसीपी पंचकूला।
घटनाक्रम
- 11 बजे सुबह नकली सीबीआई अफसर पुलिस मुलाजिमों के साथ सेक्टर-2 कोठी पहुंचा
- 03 बजे कोठी में रहने वालों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी
- 3.54 बजे सेक्टर-2 चौकी पुलिस नकली सीबीआई अफसर को लेकर आई
- 06 बजे सेक्टर-5 थाना पुलिस ने नकली सीबीआई अफसर से पूछताछ शुरू की