संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, ससुरालवालों पर केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लालड़ू के गांव हुमायूंपुर में शनिवार शाम 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मृतका के ससुराल वालों पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। डेराबस्सी सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। लेकिन, मृतका के परिजनों की मांग पर पुलिस ने दोबारा पोस्टमार्टम के लिए शव पटियाला भेज दिया है। मृतका के पिता के बयान पर हंडेसरा पुलिस ने मृतका के पति, सास व ससुर पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव मटरां थाना सोहाना के चेतन सिंह ने बताया कि बेटी कमलजीत कौर का विवाह एक नवंबर 2015 को हुमायूंपुर के पलविंदर सिंह के बेटे गुरबीर सिंह से हुआ था। उन्होंने कहा कि शादी में हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था, लेकिन उसके ससुराल वाले और दहेज की मांग कर रहे थे। आरोप है कि वह शादी के बाद से ही कमलजीत को दहेज के लिए परेशान करने लगे थे।
उन्होंने बताया कि कमलजीत ने फोन करके बताया था कि इस कारण वह डिप्रेशन में है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम सात बजे पलविंदर सिंह ने फोन करके बताया कि कमलजीत की तबीयत खराब हो गई है। वह उसे अंबाला के अस्पताल लेकर जा रहे हैं। कुछ देर बाद फोन आया कि कमलजीत ठीक है, उसे वापस घर लेकर आ रहे हैं।
चेतन सिंह ने बताया कि शनिवार शाम भाई दलबीर सिंह व भतीजे गुरविंदर सिंह के साथ जब हुमायूंपुर पहुंचे तो उनकी बेटी आंगन में मृत पड़ी थी। चेतन सिंह ने बताया कि जब बेटी के शव को देखा तो उसके नाक व कान से खून आ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी की हत्या की गई है।
वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि गुरबीर नशे का आदी है और कई बार कमलजीत के गहने बेचने की कोशिश कर चुका है। हंडेसरा थाना प्रभारी भारत भूषण ने बताया कि कमलजीत के पिता की शिकायत पर मृतका के पति गुरबीर, ससुर पलविंदर और सास सुखविंदर कौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 304बी और 34 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
डेराबस्सी सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए। उनके लिखित आवेदन पर पुलिस ने शव को दोबारा पोस्टमार्टम करवाने के लिए पटियाला भेज दिया है।