Chandigarh: फर्जी नौकरियों के विज्ञापन दे ठगी करने वाला गिरोह दिल्ली से काबू, चंडीगढ़ पुलिस को मिली सफलता
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चारों मिलकर दो साल से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने लगभग 50 लाख रुपये ठगे हैं। इस गैंग का मास्टरमाइंड राज कुमार व विनय बताए जा रहे हैं, जो फर्जी दस्तावेजों पर बैंक खाते खुलवाते थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल साइट्स पर फर्जी विज्ञापन देकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह को चंडीगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन सेल (सीसीआईसी) ने काबू किया है। ये गिरोह दिल्ली के मंगोलपुरी में एक फर्जी जॉब कॉल सेंटर भी चला रहा था। पुलिस ने कई मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड व अन्य सामान भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान नई दिल्ली स्थित मंगोलपुरी निवासी मोहित (23), राज कुमार (32), रिचर्ड दास (50) व वेस्ट दिल्ली के पश्चिम विहार में रहने वाले विनय (22) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 25 मोबाइल फोन, 12 फर्जी आधार कार्ड, 80 पास बुक व चेक बुक, 35 डेबिट कार्ड, 2 लैपटॉप, 8 फर्जी पैन कार्ड व एक वाईफाई मॉडम बरामद किया है।
साइबर सेल के मुताबिक बीते 8 दिसंबर को धोखाधड़ी का एक केस दर्ज किया गया था। इसमें एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसने क्विकर डॉट कॉम पर वर्क फ्रॉम होम के लिए अपना रिज्यूम डाला था। उसे संदीप कुमार नाम बताने वाले एक शख्स का व्हाट्सएप मैसेज आने लगा और फिर उसने जॉब के लिए 568 रुपये बतौर रजिस्ट्रेशन फीस मांगी।
युवती को उसने क्यूआर कोड भेजा, जिसके बाद उसने उक्त रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद कई बहाने कर आरोपियों ने अलग-अलग यूपीआई और बैंक खातों में युवती से कुल एक लाख 75 हजार 473 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। कुछ दिनों बाद राधिका नाम से एक लड़की ने फिर रुपये मांगे, जिसके बाद युवती ने पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया। एसपी साइबर सेल केतन बंसल ने इंस्पेक्टर रणजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई। पुलिस ने एनसीआर एरिया में छापेमारी के दौरान आरोपी मोहित को गिरफ्तार किया। मोहित ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर मंगोलपुरी में फर्जी जॉब कॉल सेंटर चलाता है। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
दो साल से चला रहे थे फर्जी कॉल सेंटर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चारों मिलकर दो साल से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने लगभग 50 लाख रुपये ठगे हैं। इस गैंग का मास्टरमाइंड राज कुमार व विनय बताए जा रहे हैं, जो फर्जी दस्तावेजों पर बैंक खाते खुलवाते थे। ये आरोपी सोशल साइट पर जॉब के लिए विज्ञापन भी डालते थे। जब इनसे कोई संपर्क करता तो उसे झांसे में लेकर ठगी कर लेते थे।
सभी को सौंपा हुआ था काम
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को काम बांटा गया था। जैसे मोहित वाईफाई के जरिए ईमेल भेजता था। विनय फर्जी बैंक खातों का हिसाब रखता था। रिचर्ड दास ठगी हुई रकम एटीएम से निकलवाता था और राज कुमार ठगे हुए रुपयों का हिसाब रखता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। उनसे पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने और किन-किन लोगों को ठगा है।