कार से नीचे उतरने का किया इशारा फिर गोलियां बरसा कर दी व्यापारी की हत्या, हथियारों से भी किया हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बैंक से दो लाख रुपये का चेक कैश कराकर कार से ढांड लौट रहे व्यापारी संदीप गर्ग की मंगलवार शाम कैथल-कुरुक्षेत्र मार्ग पर कमौदा गांव के पास लगभग दस युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी।
हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ की। इसके साथ तेज धारदार हथियारों से भी व्यापारी पर हमला किया। हमले के दौरान कार में सवार एक अन्य युवक भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को कैथल के कस्बा ढांड निवासी संदीप गर्ग अपनी सफेद रंग की वरना गाड़ी में सवार होकर कुरुक्षेत्र आए थे। यहां बैंक में चेक जमाकर दो लाख रुपये कैश के साथ वह शाम को ढांड लौट रहे थे। कार में उनके साथ राहुल नाम का एक युवक भी सवार था। इसी दौरान कमौदा गांव के समीप उनकी कार के आगे एक बोलेरो रुकी।
बोलेरो से करीब 10 युवक नीचे उतरे और उन्होंने संदीप को कार से नीचे उतरने का इशारा किया। कार से बाहर आते ही हमलावरों ने संदीप पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। इसके साथ ही गंडासी और नुकीले हथियार से भी उन पर प्रहार किए। हमलावरों से घिरे संदीप को छोड़कर कार में सवार राहुल जान बचाकर भाग निकला।
इसके बाद उसने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। वहीं, हमलावरों ने हत्या के बाद संदीप के पास मौजूद दो लाख रुपए भी अपने साथ ले गए। केयू थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और कारोबारी के शव को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया। संदीप के पिता सुरेंद्र गर्ग और रिश्तेदार सतीश गुप्ता, सुमीत गुप्ता आदि भी अस्पताल पहुंच गए।
सुरेंद्र गर्ग की शिकायत पर पुलिस ने ढांड निवासी राहुल, प्रवीण, काला, गुरमीत सिंह, कपूरा, मडकू, अमरजीत सिंह और सहवास व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुरुक्षेत्र पुलिस ने कैथल पुलिस से इस घटनाक्रम की तत्काल सूचना दी। संदीप गर्ग शराब व सीमेंट का कारोबार करते थे। उनकी दो बहनें हैं और एक छोटा भाई है। दो माह पहले ही उसकी छोटी बहन की शादी हुई थी। परिवार वाले अब संदीप गर्ग की शादी करने की तैयारी कर रहे थे।
पुरानी रंजिश में तो नहीं हुई हत्या
जानकारी के अनुसार साल भर पहले संदीप का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। जिसकी एफआईआर भी ढांड थाने में दर्ज है। उस विवाद से संदीप गर्ग का क्या संबंध था, हमलावरों ने उसे निशाना क्यों बनाया ? पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि हमलावर राहुल की हत्या करने आए थे लेकिन राहुल के भाग जाने पर उन्होंने संदीप को ही निशाना बना लिया।
विवेचना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। हमलावरों की गाड़ी की भी तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा। पुलिस को जानकारी मिली है कि हमला करने वाले गुट का संदीप के दोस्त के साथ पुराना विवाद था।
दोस्त के विवाद में शिकार हो गया संदीप
कारोबारी संदीप गर्ग के साथ राहुल नाम का जो युवक कार में सवार था, उसका विवाद एक विवाह समारोह के दौरान ढांड निवासी एक अन्य राहुल नाम के युवक से हुआ था। इस विवाद में थाना ढांड भी मामला दर्ज हुआ था। बताया गया है कि ढांड के रहने वाले उक्त दोनों राहुल के बीच रंजिश चल रही थी, जिसमें आज एक कारोबारी शिकार हो गया। बताया गया है कि ढांड कस्बा में संदीप गर्ग और उसके पिता की सीमेंट, बजरी, सरिया, रेत का कारोबार है।
हत्या से लोगों में रोष, हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
इस घटना का पता चलते ही मृतक कारोबारी परिजनों और रिश्तेदारों के अलावा अग्रवाल सामुदाय के काफी संख्या में लोग लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचे। इन्होंने पुलिस को चेतावनी भी दी कि अगर जल्द हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे शव को अस्पताल से नहीं उठाएंगे और जाम लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगें।
मृतक के पिता ने कहा कि संदीप का संस्कार तब तक नहीं होगा, जब तक हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आते। हालांकि पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि हत्यारों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।