पंजाबः भारत-पाक सीमा पर मिली 2 रिवॉल्वर के बारे में बड़ा खुलासा, पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहलवान गैंग के संबंध पाकिस्तान के असलहा तस्करों से होने का खुलासा हुआ है। रोपड़ जिला पुलिस की गिरफ्त में आए गैंग के तीन शातिरों की सूचना पर सीआईए स्टाफ-2 के इंचार्ज ने बीएसएफ अधिकारियों के साथ सरहद पर जमीन में दबाए गए दो विदेशी पिस्तौल बरामद किए है। खास बात यह दोनों पिस्तौल पाकिस्तान से प्रकाशित उर्दू के अखबार में लिपटे थे।
जिला पुलिस ने मंगलवार को पहलवान गैंग के तीन गैंगस्टर नीलकमल, विशाल व गुरजोत सिंह को लूट की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में पकड़ा था। पुलिस ने इनसे चार पिस्तौल ओर 22 कारतूस बरामद किए थे। सीआईए स्टाफ-2 के इंचार्ज अमरबीर सिंह ने बताया कि एसएसपी स्वप्न शर्मा गैंगस्टरों से पूछताछ करने का जिम्मा उन्हें सौंपा था। पूछताछ में तीनों ने भारत-पाकिस्तान सरहद पर विदेशी हथियार छिपाने का खुलासा किया।
इस पर उन्होंने बीएसएफ के अधिकारियों को साथ लेकर अमृतसर जिला की सब तहसील अजनाला में बार्डर आउट पोस्ट फतिहपुर में बुर्जी नंबर 86-5 के पास जमीन में दबे दो विदेशी पिस्तौल बरामद किए। उन्होंने बताया कि पिस्तौल जर्मनी के बने हैं। इंसपेक्टर अमरबीर सिंह ने बताया कि पिस्तौल पाकिस्तान में छपे एक उर्दू के अखबार में लिपटे थे।
उन्होंने बताया कि इस दौरान फतिहपुर चौकी के इंचार्ज सुच्चा सिंह और बीएसएफ के अफसर भी उनके साथ गये थे। बार्डर के इस क्षेत्र में केवल बीएसएफ ही जा सकती है। उन्होंने बताया कि यह हथियार भारत की सरहद पर लगाए गए गेटों से भी एक किलोमीटर आगे जीरो लाइन से बरामद हुए। गैंगस्टरों ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए यह हथियार पाकिस्तान से मंगवाये गए थे। पकड़े गए गैगस्टरों से पूछताछ जारी है।
ढाई फुट का गड्ढा खोदकर निकाले हथियार
पुलिस के अनुसार यह हथियार ढाई फुट गहरा गड्ढा खोद कर छिपाए गए थे। बीएसएफ की मदद से खुदाई कर हथियार निकाले गए है। पुलिस को शक है कि यह हथियार पाकिस्तान के तस्करों ने यहां दबाए थे। गैंगस्टरों से लोग किसान या उनके कर्मचारी बन कर यह हथियार वहां से लाते थे।
गौरतलब है कि सरहद के इस क्षेत्र में किसानों को ही कुछ घंटों तक खेती के लिए जाने की इजाजत है। यह क्षेत्र गांवों की हदबंदी का इलाका है। यह हथियार बार्डर पर लगी तार से भी पार पाकिस्तान की ओर वाले क्षेत्र पर सरहद की जीरो लाइन से मिले हैं।