रोहतकः दोस्तों संग नहर में नहाने गया बीएससी का छात्र बहा, गोताखोर तलाशने में जुटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जेएलएन नहर में नहाते समय जाट कॉलेज का बीएससी का छात्र बह गया। दोस्तों ने चीख-पुकार सुनकर छात्र को बचाने का प्रयास किया। वो काफी दूर तक छात्र के पीछे-पीछे गए पर नहर की तेज बहाव के कारण उसे पकड़ने में असफल रहे। वहीं दूसरे दोस्त ने डंडे से भी उसे निकलने का प्रयास किया। मामले की सूचना पाते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई।
देर रात तक गोताखोर नहर में छात्र को तलाशने में जुटे रहे। जींद के जुलाना निवासी निशांत (21) पुत्र राजेश कुमार रोहतक के जाट कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे निशांत कॉलेज के ही दोस्त नितेश, आसू, लक्ष्मण, संकेत और साक्षी के साथ बोहर के पास जेएलएन नहर में नहाने के लिए गया था।
बताया गया कि वह साथियों के साथ नहा रहा था। इसी बीच तेज धारा में अचानक निशांत बहने लगा। इस पर निशांत ने शोर मचाया। शोर सुनकर दोस्त लक्ष्मण और संकेत ने उसे बचाने का प्रयास किया, पर सफल नहीं हो पाए।
मामले की सूचना पाते ही तहसीलदार के अलावा डीएसपी पृथ्वी सिंह, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। सरकारी गोताखोर के न आने पर परिजनों ने प्राइवेट गोताखोर बुलाया। खबर लिखे जाने तक गोताखोर की मदद से छात्र को तलाशने का प्रयास किया जा रहा था।
दोस्त को न बचा पाने का मलाल
निशांत के नहर में बहने के कारण उसके दोस्तों की आंखें नम थी। लक्ष्मण का कहना था कि उसने काफी देर तक निशांत को तलाश किया, पर उसका कोई पता नहीं लग सका। बताया कि निशांत को तैरना आता था। इसके बावजूद वह पानी का बहाव अधिक होने के कारण बह गया।
कांग्रेस नेता का भाई है निशांत
निशांत जींद यूथ कांग्रेस के जिला उप प्रधान रोहित का रिश्ते में भाई लगता है। सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता और छात्र के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे।
नहाते समय छात्र नहर में बहा है। छात्र की तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है। गोताखोर तलाश करने में जुटे है। - नीरज कुमार, एसएचओ, थाना अर्बन एस्टेट