बेटा बना हत्यारा, मां संग मिलकर पिता को मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक युवक ने अपने पिता के सीने पर मुक्के से प्रहार कर उसकी हत्या करके शव को शौचालय के गटर में फेंक दिया। वारदात हरियाणा के सिरसा में घटी। हत्याकांड का 12 दिन में खुलासा होने पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मृतक के भाई बलवंत सिंह के बयान पर आरोपी पुत्र चरणजीत सिंह और मां बिमला देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार दोपहर सामान्य अस्पताल में किया गया।
जानकारी के अनुसार ओढां निवासी 47 वर्षीय सोहन लाल मजदूरी करता था। उसका घर पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है। वह अपनी पत्नी, बेटे चरणजीत सिंह और बेटी अनीता के साथ रहता था। सोहन लाल 24 मई से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रपट उसके बड़े भाई बलवंत सिंह ने थाने में दर्ज करवाई।
सोहन लाल के भाइयों को संदेह होने लगा कि कोई गड़बड़ जरूर है। उनका संदेह उस समय और भी पुख्ता हो गया, जब शौचालय से बदबू आने लगी। पुलिस ने परिवार वालों को पूछताछ के लिए बुलाया तो चरणजीत सिंह कहा कि उसका पिता सोहन लाल बेटी की दवा लेने सिरसा गया था और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो चरणजीत ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
बेटे को शराब पीने से रोका तो मर्डर
सोहन लाल अपने पुत्र चरणजीत सिंह द्वारा हर रोज शराब पीने से परेशान था और इस कारण दोनों के बीच विवाद होता रहता। 24 मई रात को घर में उनके बीच झगड़ा हो गया और पुत्र चरणजीत सिंह ने पिता के सीने पर जोर से मुक्का मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता की हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए चरणजीत सिंह ने मां के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसके तहत दोनों ने शव को शौचालय की कुईं में फेंक दिया। उन्होंने पहले कुईं पर डाला गया लेंटर तोड़ा और फिर सोहन लाल का शव उसमें फेंककर वापस नया लेंटर डाल दिया।
इसके बाद काफी लकड़ी लेंटर के ऊपर रख दी। बेटा और मां गांव में सोहन लाल को तलाशने का नाटक करते रहे। पुलिस ने चरणजीत की निशानदेही पर कुईं से सोहन लाल का शव बरामद कर लिया। 12 दिनों तक शव कुईं के अंदर पड़ा रहने से वह गल चुका था।
थाना प्रभारी धर्मवीर का कहना है कि हत्यारोपी पुत्र चरणजीत और मां बिमला के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके उन्हें हिरासत में ले लिया है। मृतक की बेटी अनीता से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। इस हत्याकांड में उसकी भूमिका रही तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।