पंजाब के मोगा में कोरियर शॉप में बम ब्लास्ट, इलाके में मचा हड़कंप, दो लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मोगा में एक भीड़ वाले बाजार में हुए बम धमाके से हड़कंप मच गया। यह धमाका मोगा के चेंबर रोड स्थित सूद कोरियर सर्विस में दोपहर तकरीबन 12 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आकर कोरियर संचालक और एक ग्राहक घायल हो गया। हालत गंभीर होने के चलते कोरियर संचालक को सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने लुधियाना रेफर कर दिया। बम फटने से इलाके में अफरातफरी मच गई। विस्फोट एक ग्राहक की ओर से संगरूर भेजे जा रहे पार्सल में हुआ है। ग्राहक सीसीटीवी में कैद हो गया है।
एसएसपी गुरप्रीत सिंह तूर बुधवार यहां नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही आईजी फिरोजपुर एमएस छीना, एसपी हेडक्वार्टर प्रिथीपाल सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर सत्तपाल सिंह गिल और सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर किक्कर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। आईजी छीना ने बताया बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक माहिरों की टीम इस घटना की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल ब्लास्ट के पीछे असली कारण क्या है, यह पता नहीं लग सका। मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
घटना के बारे में पास में रह रहे रजनीश कुमार हैपी और एक दुकानदार आशु ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। वह बाहर निकले तो कोरियर शॉप में धुआं ही धुआं था। धमाके से दुकान के शीशे भी टूट गए। ब्लास्ट में सूद कोरियर सर्विस के मालिक विकास सूद (55) निवासी मोहल्ला किशनपुरा मोगा और फोटो कॉपी कराने आए ग्राहक राकेश तायल निवासी जवाहर नगर, बिजली बोर्ड के रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर घायल हो गए।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसमें एक संदिग्ध कैद हुआ है। फुटेज की जांच करने के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया उक्त संदिग्ध व्यक्ति दोपहर करीब 12 बजे कोरियर शॉप पर पहुंचा था। क्लीन शेव, पक्के रंग और प्रवासी मजदूर लगने वाले करीब 45 वर्षीय संदिग्ध ने कोरियर संचालक विकास सूद को एक गत्ते का बंद डिब्बा दिया। उसने सूद को बताया पार्सल में टी-शर्ट है।
शक होने पर कोरियर संचालक ने पार्सल खोला तो हो गया धमाका
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कोरियर संचालक विकास सूद ने बताया कि पार्सल बुक करने के बाद उसने ग्राहक को पर्ची काटकर दे दी। पार्सल का वजन अधिक लगने पर उसने ग्राहक से यह बात कही। इस पर ग्राहक बड़ी तेजी से बाहर निकला। वह भी उसके पीछे शॉप से बाहर आया। वह बाजार की भीड़ में गुम हो गया। इसके बाद वह वापस शॉप पर पहुंचा और पार्सल खोलने की कोशिश करने लगा। इस दौरान जोरदार धमाका हो गया।