Haryana News: सही काम नहीं करने वाले योग सहायक नपेंगे, योगशालाओं की निगरानी करेंगे जिला परिषद सीईओ
मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में योगशालाओं के संचालन में यूथ क्लबों की सक्रियता बढ़ाई जाए, इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग तत्काल मैपिंग करे कि किन गांवों में रजिस्टर्ड यूथ क्लब हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
योग दिवस पर यानी 21 जून को अमर उजाला ने प्रदेशभर की व्यायाशालाओं की खस्ता हालात का खुलासा किया था। इसके बाद प्रदेश सरकार हरकत में आ गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि जो योग सहायक सही ढंग से अपना कार्य नहीं कर रहे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे।
इसके अलावा, जिला परिषद के सीईओ को योगशालाओं की निगरानी की जिम्मेदारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मंगलवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई और व्यायामशालाओं के निर्माण, रखरखाव समेत अन्य समस्याओं को लेकर समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल, आयुष, ग्राम विकास विभाग को चरणबद्ध तरीके से दो से चार जिलों के योगशालाओं के रखरखाव का कार्य सौंपा जाना चाहिए। इसके अलावा गांवों में पंचायती जमीन कहां-कहां है इसकी भी मैपिंग करवाई जाए। सीएम ने कहा कि पहले चरण में 1000 योगशालाओं का निर्माण किया जाना है, जिनमें से 729 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
648 योग सहायकों को नियुक्त किया गया है। योगशालाओं की कैटेगरी बनाई जाए ताकि उनका मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने कहा कि योजना आरंभ करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को योग के अलावा कबड्डी व अन्य ग्रामीण पृष्ठभूमि के पारंपरिक खेलों से जोड़ना है।
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा योग आयोग की सलाह पर पतंजलि से प्रशिक्षित योग साधकों को 11 हजार रुपये के मानदेय पर योग सहायक लगाया गया था, जिन्हें अब एचकेआरएन के तहत लाकर उनका मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग सहायकों की जिलावार नियुक्ति को भी तर्कसंगत बनाया जाए।
बैठक में बताया गया कि व्यायामशालाओं के निर्माण के कार्य ग्रामीण विकास विभाग को पूरे स्टेट फंड से करवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। अब इसे 20:80 अनुपात में किया जाएगा। योजना की रूपरेखा के तहत व्यायामशालाओं में चाहरदीवारी, वाकिंग ट्रैक, योग के लिए शेड इत्यादि होना अनिवार्य है।
यूथ क्लबों की सक्रियता बढ़ाई जाए
मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में योगशालाओं के संचालन में यूथ क्लबों की सक्रियता बढ़ाई जाए, इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग तत्काल मैपिंग करे कि किन गांवों में रजिस्टर्ड यूथ क्लब हैं। इसके अलावा गांवों में कोई न कोई पार्क या ऐसा कोई स्मार्ट स्थान होना चाहिए जहां लोग अपनी दिनचर्या के बारे चर्चा कर सकें।