स्टेशन परिसर में वेंडर ने यात्री को घोंपा चाकू, गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के रेवाड़ी में रेलवे स्टेशन परिसर में एक वेंडर ने यात्री के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना बुधवार रात करीब 8.30 बजे की है। चाकू यात्री के पेट में लगा। हालत गंभीर होने पर घायल को रोहतक रेफर कर दिया है। पुलिस ने घायल के बयान नहीं होने के कारण अभी मामला दर्ज नहीं किया है। जानकारी के मुताबिक झज्जर जिला के गांव खुड्डन छपार निवासी मुकेश कुमार ऑटो मार्केट से रेलवे स्टेशन पर जा रहा था।
मुकेश कुमार जैसे ही दीवार के समीप लघुशंका करने के बाद स्टेशन की तरफ मुड़ा तो सामने से आ रहे रेहड़ी उसको लगने के बाद उसकी उससे तकरार हो गई। इसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों एक-दूसरे को मारपीट करने पर उतार हो गए और इसी दौरान रेहड़ी वाले ने मुकेश कुमार के पेट में चाकू घोंप दिया।
चाकू घोंपने के बाद मुकेश वहीं पर गिर गया और उसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। इसी बीच वहां से गुजर रहे यात्रियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची और घायल को ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर में हालत गंभीर होने पर उसको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
पीड़ित की हालत गंभीर होने के कारण उसके बयान भी नहीं हो सके। पुलिस ने बताया कि फिलहाल बयान होने के बाद ही असल वजह पता चल पाएगी लेकिन इतना अवश्य पता चला कि किसी वेंडर से उसकी कहासुनी हो गई थी।
घायल युवक को रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया है फिलहाल उसके बयान नहीं हुए। बयान नहीं होने के कारण असल वजह सामने नहीं आई। प्रारंभिक जांच में किसी रेहड़ी वाले से तकरार की बात सामने आई है और बयान होने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।
-रणवीर सिंह थाना प्रभारी, जीआरपी।