चंडीगढ़ में आठ पॉजिटिव मिले, मोहाली में चार और पंचकूला में पांच संक्रमित
- सेक्टर 41 से 2, खुड्डा अलीशेर से तीन और सेक्टर 25, बापूधाम व रामदरबार से एक-एक पॉजिटिव केस
- चंडीगढ़ में मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 370, ज्यादातर परिवार के संपर्क में आकर हुए संक्रमित
विस्तार
चंडीगढ़ में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को आठ नए मामले सामने आए। इनमें सेक्टर 41 से 2, खुड्डा अलीशेर से तीन और सेक्टर 25, बापूधाम व रामदरबार से एक-एक पॉजिटिव केस आया है। इन 8 मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना के कुल पॉजिटिव केसों की संख्या 370 पहुंच गई है।
कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या प्रशासन के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। मंगलवार को जिन 8 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, उनमें ज्यादातर परिवार के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं। उन मरीजों के परिवार का कोई न कोई सदस्य पहले से ही कोरोना की चपेट में आ चुका है।
एक-दूसरे से हुए संक्रमण के शिकार
सेक्टर 41 के 22 साल की युवती और 54 साल की महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। ये दोनों दिल्ली से लौटे पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए थे। वहीं, खुड्डा अलीशेर में 7 साल का बच्चा, 55 साल की महिला और 2 साल का बच्चा कोरोना की चपेट में आए हैं। ये तीनों भी पिछले दिनों उत्तर प्रदेश से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौटे संक्रमित दंपती के संपर्क में आकर पॉजिटिव हो गए हैं।
वहीं, बापूधाम से एक 12 साल के बच्चे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह भी अपने परिवार के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है। सेक्टर 25 के जिस व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है, वह सेक्टर 35 स्थित पंजाब सरकार के ऑफिस में नौकरी करता था। 4 जून तक उसने ड्यूटी थी। उसके बाद से वह घर पर है।
कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसके ऑफिस में संपर्क में आये 18 लोगों को ट्रेस किया गया है। इसमें से 7 चंडीगढ़ के हैं। उसके परिवार के 4 सदस्यों का जांच का नमूना लिया गया है। इसके अलावा रामदरबार निवासी 58 वर्षीय पुरुष है। वह डेराबस्सी की एक फैक्ट्री में काम करता है। वहीं, पर संक्रमित हुआ है।
बापूधाम की एक मरीज पीजीआई से डिस्चार्ज
पीजीआई में भर्ती बापूधाम की 80 साल की वृद्धा को मंगलवार को कोरोना के इलाज के बाद ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल, उसे सूद धर्मशाला में 7 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है। अगर इस दौरान उसमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिले तो घर भेज दिया जाएगा।
पंचकूला में पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले
पंचकूला कोरोना संक्रमण के मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। मंगलवार को पांच नए केसों की पुष्टि हुई। पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 की सीएमओ डॉक्टर जसजीत कौर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाली एक 78 वर्षीय महिला, उसकी 22 वर्षीय पोती और 17 वर्षीय नौकर भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये लोग दिल्ली से वापस आए थे।
सेक्टर-20 स्थित गांव कुंडी में पांच वर्षीय एक बच्ची कोरोना से संक्रमित मिली है, जोकि परिवार के साथ लखनऊ से लौटी है। नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 के शवगृह में कार्यरत एक कर्मचारी की पत्नी कोरोना संक्रमित मिली है। इस महिला के पति और दो बेटे नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में कार्यरत हैं।
यह परिवार 10 जून को राजपुरा में एक रस्म पगड़ी एवं भोग में शामिल होने गया था। इसके बाद महिला में कोरोना के लक्षण दिखाई देने के बाद उसके सैंपल लिए गए। मंगलवार को आई रिपोर्ट में महिला संक्रमित मिली है। महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल लिए जा रहे हैं। महिला को नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है।
मोहाली में चार नए कोरोना पॉजिटिव, दो ने दी कोरोना को मात
मोहाली में मंगलवार को चार नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। वहीं, दो लोगों ने कोरोना को मात दी है। पॉजिटिव आए तीन लोग बाहरी राज्यों से शहर में पहुंचे थे। जबकि एक व्यक्ति संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आकर कोरोना का शिकार हुआ है। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि 43 वर्षीय संतेमजारा खरड़ का रहने वाला एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है।
इसका यात्रा इतिहास गुरुग्राम का है। जबकि बलटाना में 70 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से कोरोना का शिकार हुआ है। इसी तरह सेक्टर-127 में खरड़ से 22 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव आया है। इसका यात्रा इतिहास अहमदाबाद का है। जबकि दिल्ली से एक व्यक्ति आईवी अस्पताल में आया है। वह फेज-10 का रहने वाला है और वह कोरोना पॉजिटिव है। उसके संपर्क में आए चार लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
वहीं, मोहाली के सेक्टर-78 रिशी अपार्टमेंट निवासी 31 वर्षीय पुरुष और 57 वर्षीय महिला ने कोरोना को मात दे दी है। दोनों तंदरुस्त होकर घर लौटे हैं। अब जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 184 हो गई है, जबकि127 मरीज ठीक हो चुके हैं और तीन की मौत हो चुकी है और इस समय जिले में 54 एक्टिव केस हैं।