चंडीगढ़: कोरोना संक्रमण को दी मात, 25 दिन बाद जंग जीतकर पीजीआई से घर लौट 49 वर्षीय शख्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा। एक तरफ जहां पीजीआई में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर घर गया, वहीं दूसरी ओर लगातार चौथे दिन भी शहर में कोई नया केस सामने नहीं आया। इन तीन दिनों में 150 से ज्यादा संदिग्धों की कोरोना जांच की गई है, लेकिन उनमें से किसी में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, एक अन्य मरीज के ठीक होकर डिस्चार्ज होने से घर जाने वाले मरीजों की संख्या 15 हो गई है। मौजूदा समय में पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में चंडीगढ़ के 12 मरीजों का इलाज चल रहा है।
21 दिन बाद रिपोर्ट आई निगेटिव
सेक्टर 35 निवासी 49 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज शुक्रवार को पीजीआई से ठीक होकर घर लौटा। इसमें 30 मार्च को कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उसे 3 अप्रैल को सेक्टर 16 स्थित जीएमएसएच से पीजीआई रेफर किया गया था। जहां 21 दिनों तक आइसोलेशन में रहने के बाद इसकी दोनों रिपीट टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जानकारी के अनुसार इस मरीज का कोई यात्रा इतिहास नहीं है लेकिन पंजाब के मानसा स्थित उसके दो रिश्तेदार दुबई और सिंगापुर से लौटे थे। उनके संपर्क में आने के बाद यह कोरोना पॉजिटिव हुआ था। पीजीआई से घर जाते वक्त उस मरीज ने पीजीआई के डॉक्टरों के साथ ही अन्य स्टाफ को धन्यवाद देते कहा कि इनकी मेहनत की बदौलत ही नया जीवन मिला है।
एडवाइजर ने किया ट्वीट.. पीजीआई के डॉक्टरों को धन्यवाद
पीजीआई में भर्ती मरीज के डिस्चार्ज होने पर एडवाइजर मनोज परिदा ने ट्वीट कर पीजीआई के डॉक्टरों की टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि एक और मरीज डिस्चार्ज हो गया। अब पीजीआई में कोरोना के 12 मरीज भर्ती हैं। इस सफलता पर पीजीआई को धन्यवाद। इस मरीज के डिस्चार्ज होने के बाद कुल ठीक हुए मरीजों की संख्या 15 हो गई है, जबकि अब तक चंडीगढ़ में 28 कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं।
अब तक एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। वहीं, पीजीआई डायरेक्टर डॉ. जगतराम ने भी अपनी टीम की सराहना करते कहा कि इस संकट की घड़ी में भी उनकी टीम डटकर मैदान में खड़ी है। डॉक्टर और स्टाफ अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना को हराने में जुटे हैं।
तीन दिन में एक भी मरीज नहीं
चंडीगढ़ में पिछले दिनों पॉजिटिव मिले कोरोना के मरीजों के संपर्क में आए लगभग 150 संदिग्ध लोगों को क्वारंटीन कर उनका टेस्ट किया जा चुका है, लेकिन उनमें से किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। शुक्रवार को भी 39 संदिग्ध चिह्नित किए गए हैं। उन सभी को फिलहाल उनके घर में ही रखा गया है। मानक के अनुसार इन सभी की कोरोना जांच की जाएगी।
पीजीआई में हुआ 150 संदिग्धों का कोरोना टेस्ट
दूसरी ओर पीजीआई प्रशासन ने अपने डॉक्टरों और स्टाफ को कोरोना से बचाने के लिए शुक्रवार से 90 की जगह 150 कोरोना टेस्ट करना शुरू कर दिया है। पीजीआई डायरेक्टर डॉ. जगतराम ने बताया कि धीरे-धीरे टेस्ट की संख्या और बढ़ाई जाएगी। फिलहाल, उनका फोकस इमरजेंसी में आने वाले मरीज व चंडीगढ़ के संदिग्ध मरीजों की जांच पर है, जिससे कम समय में ज्यादा से ज्यादा टेस्ट कर स्थिति साफ की जा सके और संक्रमण का खतरा भी कम किया जा सके।
अब तक ये हुए डिस्चार्ज
- 2 अप्रैल को यूके से लौटी सेक्टर 34 निवासी महिला डॉक्टर।
- 4 अप्रैल को सेक्टर 21 निवासी चंडीगढ़ की पहली कोरोना पॉजिटिव की मां और सेक्टर 30 निवासी दुबई से लौटा युवक।
- 5 अप्रैल को चंडीगढ़ की पहली कोरोना पॉजिटिव मरीज का भाई और उसका सेक्टर- 19 निवासी दोस्त।
- 6 अप्रैल को चंडीगढ़ की पहली कोरोना पॉजिटिव सेक्टर 21 निवासी युवती और उसका सेक्टर 38 निवासी फैमिली फ्रेंड।
- 14 अप्रैल को चंडीगढ़ सेक्टर 30बी निवासी 40 साल की महिला और पीजीआई में कार्यरत दो नर्सिंग स्टाफ।
- 17 अप्रैल को सेक्टर 21 निवासी 30 साल का युवक।
- 19 अप्रैल को सेक्टर 29 निवासी एक युवक और कनाडा से आया एक एनआरआई ठीक होकर पहुंचे घर।
- 24 अप्रैल को सेक्टर 35 निवासी 49 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर घर पहुंचा।