जालंधर में कोरोना से बुजुर्ग की मौत, अंतिम संस्कार में बाधा डालने वाले 60 लोगों पर केस, तीन नए मामले भी
कोरोना वायरस से गुरुवार को जालंधर में पहली मौत हो गई। गुरुवार सुबह 60 वर्षीय बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह जालंधर के कोरोना सेंटर में वेंटिलेटर पर थे। वहीं गुरुवार को तीन नए मरीज पॉजिटिव आए हैं। वहीं चिकित्सक इस बात से हैरान हैं कि चारों में कोरोना कहां से आया। इन चारों का कोई यात्रा इतिहास नहीं है और संक्रमित लोगों से उनका कोई संपर्क भी नहीं था।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मृतक के पांच पारिवारिक सदस्यों के अलावा नौकरानी और दूध सप्लाई करने वाले को भी आइसोलेट कर दिया है। उनके सैंपल लेकर जांच को अमृतसर मेडिकल कॉलेज भेज दिए गए हैं। इसके अलावा जालंधर उत्तर से विधायक बावा हेनरी के अलावा उनके पिता पूर्व मंत्री अवतार हेनरी समेत करीब 48 कांग्रेसी नेताओं को क्वारंटीन किया गया है। दरअसल, मृतक का बेटा कांग्रेसी नेता है।
मृतक को बुधवार शाम को ही कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला था। इसके बाद से वह सिविल अस्पताल के कोरोना वार्ड में वेंटिलेटर पर थे। गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। कैलाश फार्मेसी के संचालक प्रवीण कुमार शर्मा की मौत के बाद मिट्ठा बाजार के लोगों में दहशत फैल गई। गुरुवार को तीन नए केस पॉजिटिव मिले। तीनों को ट्रॉमा में शिफ्ट कर दिया गया है। इनमें मकसूदां क्षेत्र से 50 वर्षीय पुरुष, पुरानी सब्जी मंडी पटेल चौक निवासी महिला (60) और भैरों बाजार से एक महिला (65) पॉजिटिव पाई गई हैं।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. टीपी सिंह का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर के कई इलाकों को सील कर दिया गया है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों के निकटवर्ती लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। उनके सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि मृतक व अन्य तीन लोगों में कोरोना वायरस कैसे ट्रांसफर हुआ, इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच कर रही हैं।
संस्कार में रूकावट डालने वाले 60 लोगों पर केस दर्ज
स्थानीय कमिशनर पुलिस गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कोरोना वायरस की चपेट में आकर मौत का ग्रास बनने वाले बुजुर्ग के संस्कार में रूकावट डालने वाले 60 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वीडियो के माध्यम से लोगों की पहचान कर उनको गिरफ्तार करेगी। कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि लोगों ने जहां कर्फ्यू का उल्लघंन की, वहीं सरकारी ड्यूटी में भी बाधा डाली। इसके अलावा महामारी एक्ट-1893 के सेक्शन 3 और डिजास्टर मैनजमेंट एक्ट 1996 के सेक्शन 51 की उल्लंघन है। किसी को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जायेगी।
कई दिन तक गरीबों को लंगर बांटता रहा था मृतक का बेटा
मृतक का बेटा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री का करीबी माना जाता है। वह विधायक के साथ मिलकर कई दिनों तक लंगर बांटता रहा। इस दौरान वह कई कांग्रेसी नेताओं व पार्षदों से मिला और उनके साथ समय बिताया। पूर्व मंत्री ने अपने फेसबुक पेज पर अपलोड किया है कि उनके विधायक बेटे और उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्देशों के अनुसार खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। यह सब उन्होंने समाज की भलाई के लिए किया है।
सेक्रेड हार्ट अस्पताल का लैब टेक्नीशियन कोरोना पॉजिटिव
जालंधर के मकसूदां में रहने वाले सेक्रेड हार्ट अस्पताल के लैब टेक्नीशियन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक तीन दिन तक अस्पताल में इलाजरत था। इसका खुलासा होने के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की सुपरिंटेंडेंट समेत 18 लोगों को क्वारंटीन कर दिया है। तीन अप्रैल को युवक अस्पताल में दाखिल हुआ था और छह को उसमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर कोरोना वार्ड भेज दिया गया था।