चंडीगढ़ः कोरोना के नए मामलों पर नजर रखने को बनेगा कंट्रोल रूम, क्वारंटीन करने में मिलेगी मदद
- समीक्षा बैठक में चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने निगम कमिश्नर को दिए आदेश
- पार्षद अपने इलाके के लोगों की ले सकेंगे जानकारी, क्वारंटीन करने में मिलेगी मदद
- बदनौर ने पीजीआई, जीएमसीएच को बेड बढ़ाने और जांच में तेजी लाने को कहा
विस्तार
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने बुधवार को ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासक बदनौर ने नगर निगम के कमिश्नर को आदेश दिए कि वह एक कंट्रोल रूम की स्थापना करें, जहां पर सभी पार्षद अपने इलाके में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों व संक्रमित मरीजों के क्वारंटीन व उनसे जुड़ी सभी जानकारियां हासिल कर सकें।
प्रशासक बदनौर के इन आदेशों पर नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह गुरुवार तक कंट्रोल रूम की स्थापना कर देंगे। साथ ही इस कंट्रोल रूम में जिम्मेदार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बदनौर ने कहा कि शहर का कोई भी पार्षद जारी किए जाने वाले हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर उनके इलाके में कोरोना वायरस के मरीजों को अस्पताल तक ले जाने, उन्हें मिल रही सुविधाओं व अन्य जानकारी ले और दे सकेंगे।
प्रशासक बदनौर ने शहर के जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वह कोरोना के बिना लक्षण वाले मरीज व संदिग्ध मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें ताकि कोरोना के संक्रमण की पहचान पहले ही की जा सके और उनका इलाज कराया जा सके। इससे शहर में कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या में कमी आएगी और हम ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शहर में कोरोना वायरस को प्रशासन व शहरवासी मिलकर ही हरा सकते हैं। इसके अलावा बदनौर में जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16 और पीजीआई के प्रमुखों को आदेश दिए कि वह अस्पतालों में बेड की संख्या व कोरोना के मरीजों की जांच की संख्या बढ़ाएं।
पीजीआई को 10 और जीएमसीएच-32 को मिले 20 वेंटिलेटर
बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि पीजीआई के नेहरू हॉस्पिटल एक्सटेंशन में 251 कोरोना के मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 79 चंडीगढ़, 82 पंजाब, 43 हरियाणा, 27 हिमाचल प्रदेश और 8 उत्तर प्रदेश से संबंध रखते हैं। बताया कि उनके द्वारा लिए गए 804 कोरोना के सैंपल में से चंडीगढ़ के 81 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
प्रो. जगतराम ने प्रशासक को यह भी बताया कि केंद्र सरकार की तरफ से 10 अतिरिक्त वेंटिलेटर उन्हें मिल गए हैं। जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉक्टर बीएस चवन ने बताया कि उनके द्वारा लिए गए 939 सैंपल में से चंडीगढ़ के 287 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा 212 लोग कोरोना को हराकर अपने घर गए हैं। डॉक्टर चवन ने बताया कि उन्हें कोरोना के मरीजों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 20 वेंटिलेटर मिले हैं।