संविधान बचाओ यात्रा: राजा वड़िंग के भाषण शुरू करते ही बिजली गुल, प्रताप बाजवा ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस ही देश को आगे ले जा सकती है। देश के अंदर शांतिमय माहौल बनाए रख सकती है। जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है। देश में नफरत का माहौल है। केंद्र मनमर्जी करा रहा है। विपक्ष को दबाया जा रहा है।
विस्तार
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने पर जिला कांग्रेस ने चौड़ा बाजार में सत्याग्रह आंदोलन कर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और संविधान बचाओ यात्रा निकाली। इस रोष मार्च में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा, कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी समेत जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय तलवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बाद में रैली भी आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने साजिश कर राहुल की संसद सदस्यता रद करवाई है। भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर विपक्ष को खत्म करना चाहती है। राहुल गांधी की आवाज को केंद्र दबाना चाहता है। असल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को देखकर विरोधी बौखला गई है। सरकार का रवैया तानाशाहों जैसा हो गया है। देश को बड़ी कुर्बानियों के बाद आजादी मिली है लेकिन आज फिर से देश में गुलामी जैसे हालात बन गए हैं। राहुल गांधी ने जनता की आवाज को बुलंद किया है। उन्होंने मोदी से अदाणी के साथ संबंध और एलआईसी के 20 हजार करोड़ रुपये अदाणी को देने के बारे में पूछा। इससे मोदी सरकर तिलमिला गई है।
राजा वड़िंग के भाषण शुरू करते ही बिजली गुल
रोष प्रदर्शन में उस समय स्थिति अजीब बन गई, जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग कार्यकर्ताओं को संबोधित करने लगे। इस दौरान अचानक बिजली चली गई। बिजली जाने से माइक नहीं चला और वे इधर-उधर देखने लगे। बिजली गुल होने से कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ गया और आप सरकार की हाय-हाय करने लगे। इस बीच कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पॉवरकाम ने जानबूझ कर बिजली कट लगा दिया है। मान सरकार कार्यकर्ताओं के जोश को देख कर घबरा गई है। इस बीच जब बिजली नहीं आई तो फटाफट जनरेटर को चलाया गया। इसके बाद ही वड़िंग कार्यकर्ताओ को संबोधित कर सके।
प्रताप बाजवा ने केजरीवाल से मांगी मदद
प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस ही देश को आगे ले जा सकती है। देश के अंदर शांतिमय माहौल बनाए रख सकती है। जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है। देश में नफरत का माहौल है। केंद्र मनमर्जी करा रहा है। विपक्ष को दबाया जा रहा है। राहुल गांधी को सजा व संसद सदस्यता रद्द करना, मोदी की विपक्ष को खत्म करने व अंहकार नीति का परिणाम है। उन्होंने केजरीवाल से कहा कि मोदी सरकार को हराना है तो विपक्ष को एकजुट होना होगा। जांलधर में कांग्रेस के उम्मीदवार के खिलाफ आप अपना उम्मीदवार न खड़ा करें। कांग्रेस को जीत दिलाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि अन्यथा मोदी विपक्ष को खत्म करने में पीछे नहीं हटेंगे।