SYL के मुद्दे पर भागी कांग्रेस, क्यों मांग रहे इस्तीफा : सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश की नदियों के पानी को बचाने के कदम उठाने से भाग रही है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगा और इस मुद्दे को पूरी तरह सुलझाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
सोमवार को जारी एक बयान में सुखबीर बादल ने कहा कि पार्टी की कोर कमेटी और सूबे की कैबिनेट, जिनकी मीटिंग जल्द ही बुलाई जाएगी, में उन कदमों के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा जो शिअद और गठबंधन सरकार के इस फैसले को ओर पुख्ता करेंगे कि पंजाब के पानी की एक बूंद भी हरियाणा को नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम इस वादे पर खरे उतरने के लिए कोई भी कदम उठाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह इस हद तक आ गए है कि गठबंधन सरकार का इस्तीफा मांगने लगे हैं।
'नदियों का पानी बचाने को हर कदम उठाएगी सरकार'
सुखबीर बादल ने कैप्टन को संबोधित करते हुए कहा कि आपने संसद की सदस्यता से इस्तीफा इसलिए दिया, क्योंकि आप अगले विधानसभा चुनाव पटियाला से लड़ना चाहते हैं।
विधायकों ने इसलिए इस्तीफे दिए कि कांग्रेस आलाकमान 16 नवंबर से पंजाब विधानसभा के सेशन की कार्यवाही की उन्हें हिस्सा नहीं बनने देना चाहती। सुखबीर ने कहा कि यह सब कुछ समझ में आता है लेकिन आप मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का इस्तीफा क्यों मांग रहे हैं।
जाहिर है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि आप हालात की करवट से परेशान हो गए हैं और यह सच आपके सामने आ गया है कि पंजाबी लोग आपको एसवाईएल नहर के मुद्दे पर खलनायक समझने लगे हैं।