{"_id":"61f058e34d9abb6d53464202","slug":"congratulations-adults-took-both-doses-chandigarh-news-pkl440279978","type":"story","status":"publish","title_hn":"चंडीगढ़: वयस्कों ने वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाई, आंकड़ा 100 फीसदी पर पहुंचा, अब किशोरों व बूस्टर डोज पर फोकस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चंडीगढ़: वयस्कों ने वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाई, आंकड़ा 100 फीसदी पर पहुंचा, अब किशोरों व बूस्टर डोज पर फोकस
Wed, 26 Jan 2022 01:42 AM IST
पंचकुला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: पंचकुला ब्यूरो
Updated Wed, 26 Jan 2022 01:42 AM IST
सार
मंगलवार को 264 किशोरों ने विभिन्न केंद्रों पर टीका लगवाया। वहीं बूस्टर डोज के अभियान में 6624 बुजुर्गों, 2765 स्वास्थ्य कर्मियों व 2685 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों ने टीके की खुराक लगवाई।
विज्ञापन
टीकाकरण
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
सिटी ब्यूटीफुल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कोरोना टीकाकरण अभियान का सबसे बड़ा पड़ाव पूरा कर लिया। 18 वर्ष से ऊपर के सभी वयस्कों को कोरोना टीके की दूसरी खुराक लगाने का अभियान मंगलवार को शत-प्रतिशत के आंकड़े पर पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग ने शहर की चिह्नित की गई 843000 आबादी को टीके की दोनों खुराक लगा दी है।
विज्ञापन
बता दें कि कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी 2021 को शुरू की गई थी। मंगलवार को 3051 लाभार्थियों को टीका लगाने के बाद दूसरी खुराक का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया। वहीं, पहली खुराक के लाभार्थियों की संख्या 10 लाख 70 हजार 334 पर पहुंच गई है, जो 126.97 प्रतिशत है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के अंतर्गत चयनित आबादी को पहली खुराक लगाने का लक्ष्य 14 अगस्त 2021 को ही पूरा कर लिया था लेकिन दूसरी खुराक का लक्ष्य प्राप्त करने में स्वास्थ्य विभाग को काफी मेहनत करनी पड़ी।
विज्ञापन
लाभार्थियों को जागरूक करने के लिए लकी ड्रॉ तक निकालने पड़े। वहीं जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का डर भी दिखाना पड़ा। इसकी बदौलत अभियान को एक साल 8 दिन की अवधि के बाद पूरा करने में सफलता मिली। इस उपलब्धि पर प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने स्वास्थ्य सचिव समेत स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूरा करने के बाद भी पहली खुराक की ही तरह टीके की दूसरी खुराक लगाने का क्रम जारी रहेगा, क्योंकि यह अभियान चंडीगढ़ का नहीं पूरे देश का है।
अब किशोरों के साथ बूस्टर डोज पर फोकस
वयस्कों का टीकाकरण अभियान पूरा कर लेने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का पूरा फोकस 15 से 18 साल के किशोरों को पहली खुराक व बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को बूस्टर डोज लगाने पर रहेगा। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 50748 किशोरों को टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। मंगलवार को 264 किशोरों ने विभिन्न केंद्रों पर टीका लगवाया। वहीं बूस्टर डोज के अभियान में 6624 बुजुर्गों, 2765 स्वास्थ्य कर्मियों व 2685 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों ने टीके की खुराक लगवाई।
वयस्कों का टीकाकरण अभियान पूरा कर लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से कोरोना संक्रमण से बचाव व बूस्टर डोज और किशोरों के टीकाकरण अभियान पर फोकस करेगा। इन दोनों अभियान को जल्द से जल्द पूरा करना है, क्योंकि सरकार द्वारा बच्चों के अभियान के अगले चरण को कभी भी शुरू करने की घोषणा की जा सकती है। -यशपाल गर्ग, स्वास्थ्य सचिव