अब तीसरी बेटी जन्मी तो लिजिए 'सरकारी' शगुन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने भिवानी जिले के बाढड कस्बे में भाजपा के स्थापना दिवस पर किसान रैली आयोजित की। इस रैली में पहली और दूसरी बेटी को सुविधा देने वाली सरकार ने अब तीसरी कन्या को भी आर्थिक सुविधा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी बेटी के लिए भी राशि जमा कराई जाएगी। पहली कन्या के जन्म पर सरकार 21 हजार रुपये जमा कराती है, जो आगे 18 साल की आयु में बढ़कर एक लाख रुपये हो जाएंगे।
अब किसान को ही मिलेगी मुआवजा राशि
पट्टे और ठेके पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसान (काश्तकार) फसल खराब होने पर मुआवजा या अन्य सहायता राशि से वंचित नहीं रहेंगे। काश्तकार किसानों को अब एक फार्म भरकर ग्राम सभा से अनुमोदित कराना होगा। इसके बाद मुआवजा राशि काश्तकार को ही मिलेगी।
यह घोषणा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने सोमवार को जिले के बाढड कस्बे में भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित किसान रैली में की। सीएम की इस घोषणा से प्रदेश के उन लाखों काश्तकारों को राहत मिलेगी, जिनका मुआवजा राशि पर सीधा हक नहीं था। ऐसे किसानों को मुआवजा राशि के लिए जमीन मालिकों के मुंह की ओर ताकना पड़ता था।
नई व्यवस्था शुरू कर रही है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमतौर पर जमीन के कई-कई शेयर होल्डर होते हैं। जब तक सभी शेयर होल्डर सरकारी कार्यालय में नहीं पहुंचते, तब तक मुआवजा राशि जारी नहीं होती। अब सरकार नई व्यवस्था शुरू कर रही है। इसके लिए गांव स्तर पर कमेटी बनाई जाएगी।
यह कमेटी अपनी अनुशंसा देगी कि जमीन पर अमूक आदमी खेती करता है। इसके बाद जमीन के सभी हिस्सेदारों को पेश करने की शर्त की जरूरत नहीं रहेगी और मुआवजा काश्तकार को मिल जाएगा। सीएम ने संकेत दिए कि इस नई व्यवस्था में कोई कानूनी पेच आता है तो सरकार कानून को बदलने को भी तैयार है।
मुआवजा बढ़ाने के लिए इंतजार
रैली में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र मुआवजा बढ़ाएगा तो ही राज्य सरकार दस हजार प्रति एकड़ मुआवजा राशि दे पाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र 3600 रुपये मुआवजा राशि देगा, यदि इससे ज्यादा राशि मिली तो राज्य सरकार उसी अनुसार 10 हजार से ज्यादा भुगतान दे देगी। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल तक गिरदावरी हो जाएगी और 30 तक मुआवजा वितरित किया जाएगा।