Narnaul News: दौंगड़ा अहीर को मिला स्वास्थ्य केंद्र का तोहफा, सीएम मनोहर लाल ने किया वर्चुअली उद्घाटन
दौंगड़ा अहीर पीएचसी के उद्घाटन अवसर पर अटेली के विधायक सीताराम यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ा रही है। दौंगड़ा अहीर में पीएचसी बनाने की लंबे समय से मांग थी। अब आसपास के कई गांवों के नागरिकों को इससे फायदा होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को यमुनानगर जिले में आयोजित एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दौंगड़ा अहीर समेत प्रदेश को 46 स्वास्थ्य संस्थानों की सौगात दी। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सभी प्रकार की सुविधाओं से युक्त यह पीएचसी 3.95 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है।
नारनौल के लघु सचिवालय में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि हरियाणा की मनोहर सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश की जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि नारनौल का नागरिक अस्पताल भी जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज कोरियावास का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। यह भी इस साल लगभग पूरा हो जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार यह स्वास्थ्य संस्थान सूबे की जनता को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका अदा करेंगे। सरकार ने बजट में भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करोड़ों रुपये का विशेष प्रावधान किया है।
यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार नागरिकों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाओं को देने के खातिर प्रतिबद्ध है। हरियाणा सरकार बहुआयामी दृष्टिकोण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ा रही है।
इस मौके पर अटेली के विधायक सीताराम यादव, उपायुक्त मोनिका गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, एसडीएम मनोज कुमार, नगराधीश डॉ. मंगल सैन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र आर्य, बीजेपी के जिला प्रधान दयाराम यादव व जेजेपी के जिला प्रधान डा. मनीष शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दौंगड़ा अहीर पीएचसी से कई गांवों को फायदा होगा: सीताराम यादव
दौंगड़ा अहीर पीएचसी के उद्घाटन अवसर पर अटेली के विधायक सीताराम यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ा रही है। दौंगड़ा अहीर में पीएचसी बनाने की लंबे समय से मांग थी। अब आसपास के कई गांवों के नागरिकों को इससे फायदा होगा। उन्होंने जिले को यह सौगात देने पर सरकार का आभार जताया और कहा कि सरकार शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष फोकस कर रही है। जिला को पिछले लगभग आठ साल में अनेक सौगात दी हैं।
3.95 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
जिला के गांव दौंगड़ा अहीर में नवनिर्मित प्राइमरी हेल्थ सेंटर पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। लगभग 3.95 करोड़ रुपये में तैयार इस पीएचसी से आसपास के कई गांवों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। लगभग 10 हजार वर्ग फुट के एरिया में बने भवन में दो डॉक्टर क्वार्टर और चार स्टाफ क्वार्टर भी बने हैं। इसके अलावा यहां पर्याप्त मात्रा में कमरे बनाए गए हैं ताकि डॉक्टर और स्टाफ को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वेटिंग रूम, रसोई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।