पानीपत: सड़कों पर उतरी सीएम उड़नदस्ता और आरटीओ की टीम, 21 वाहनों पर एक्शन, 4.89 लाख का जुर्माना लगाया
सीएम फ्लाइंग स्क्वायड की एक टीम मंगलवार सुबह करीब 11 बजे काबड़ी गांव स्थित प्राथमिकता चिकित्सा केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत की जांच पड़ताल करने पहुंची है। टीम को शिकायत मिली थी कि यहां का स्टाफ केंद्र पर समय पर नहीं आता और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता।
विस्तार
पानीपत की सड़कों पर दौड़ने वाले ओवरलोड वाहनों पर लगाम कसने के लिए एक बार फिर से मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) पानीपत की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया है। इसके लिए दोनों टीमों ने सोमवार रात से मंगलवार अलसुबह तक शहर की सड़कों पर ओवरलोड और नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों की जांच की।
टीम ने जांच के दौरान अधूरे कागजातों वाले 21 वाहनों को पकड़ा। इन पर 4.89 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसमें कुछ वाहन चालकों के पास दस्तावेज भले ही थे लेकिन उनकी गाड़ी ओवरलोड थी। इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग स्क्वायड से निरीक्षक बलीराम, उप निरीक्षक धर्मबीर सिंह और आरटीए से मोटर वाहन अधिकारी राजेश मलिक शामिल रहे।
काबड़ी पीएचसी में पहुंची टीम
सीएम उड़नदस्ता की एक टीम मंगलवार सुबह करीब 11 बजे काबड़ी गांव स्थित प्राथमिकता चिकित्सा केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत की जांच पड़ताल करने पहुंची है। टीम को शिकायत मिली थी कि यहां का स्टाफ केंद्र पर समय पर नहीं आता और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता। शिकायत के आधार पर टीम जांच पड़ताल करने पहुंची है। मौके पर निरीक्षक बली राम समेत उप निरीक्षक राज सिंह मौजूद हैं।