फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   CIE raids premises linked to OSD Ghuman; documents and electronic data scrutinized in Mohali.

Chandigarh News: ओएसडी घुमन से जुड़े ठिकानों पर सीआइई की रेड, मोहाली में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डाटा खंगाला

Wed, 07 Oct 2026 02:00 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Wed, 07 Oct 2026 02:00 AM IST
विज्ञापन
CIE raids premises linked to OSD Ghuman; documents and electronic data scrutinized in Mohali.
फेज-11 में गुरकिरपाल थिंद के घर तीन घंटे चली तलाशी, खरड़ के वेस्टर्न टावर में नितिन के फ्लैट पर देर शाम तक कार्रवाई;
विज्ञापन

मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) राजबीर सिंह घुमन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की दिल्ली टीम ने मंगलवार को मोहाली और आसपास के इलाकों में कई ठिकानों पर तलाशी ली। मोहाली के फेज-11 स्थित गुरकिरपाल थिंद के घर पर करीब तीन घंटे तक कार्रवाई चली। वहीं, खरड़-निज्जर रोड स्थित वेस्टर्न टावर में चार्टर्ड अकाउंटेंट नितिन के फ्लैट पर देर शाम तक तलाशी जारी रही। जांच के दौरान दस्तावेजों, कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, चिप, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। सूत्रों के मुताबिक, कुछ दस्तावेज और डिजिटल डाटा टीम अपने साथ ले गई। हालांकि, सीबीआई ने जब्त सामग्री का आधिकारिक ब्योरा जारी नहीं किया है।



फेज-11 में तीन घंटे तक तलाशी, मोबाइल और कंप्यूटर डाटा की जांच



सीबीआई की चार सदस्यीय टीम दो सफेद कारों में फेज-11 स्थित मकान नंबर-2638 पहुंची। मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर सिंह घुमन के रिश्तेदार बताए जा रहे गुरकिरपाल थिंद के घर पर शाम करीब चार बजे तलाशी शुरू हुई, जो करीब सात बजे तक चली। टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की।
विज्ञापन


तलाशी के दौरान कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, चिप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डाटा को भी जांच के लिए लिया गया। गुरकिरपाल थिंद सहित घर में मौजूद अन्य सदस्यों के मोबाइल फोन की जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, मोबाइल फोन में उपलब्ध जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का डाटा भी टीम ने अपने कब्जे में लिया। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ भी की।
विज्ञापन
विज्ञापन

जांच के दौरान ट्रांसफर और पोस्टिंग से संबंधित दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड पर विशेष ध्यान दिए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि तलाशी में कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है।


रेड के दौरान घर के बाहर पुलिस तैनात

सीबीआई टीम के पहुंचने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहे। तलाशी पूरी होने तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी गई। करीब तीन घंटे बाद टीम के रवाना होने के बावजूद स्थानीय लोगों में कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही। जांच एजेंसी की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया।


खरड़ के वेस्टर्न टावर में नितिन के फ्लैट पर भी रेड

खरड़-निज्जर रोड स्थित वेस्टर्न टावर में चार्टर्ड अकाउंटेंट नितिन के फ्लैट पर भी सीबीआई की टीम ने मंगलवार को तलाशी ली। अधिकारियों की गाड़ियां दिल्ली नंबर की बताई जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, टीम फ्लैट में दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच करती रही। तलाशी के दौरान कई दस्तावेज और मोबाइल चैट से जुड़े रिकॉर्ड हासिल किए जाने की जानकारी सामने आई है। खबर लिखे जाने तक यहां कार्रवाई जारी थी।
बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी जांच एजेंसी ने इसी फ्लैट पर छापा मारा था। उस समय फ्लैट से कथित तौर पर नोटों से भरे बैग नीचे फेंके जाने और जांच टीम की ओर से उन्हें बरामद किए जाने की बात सामने आई थी। मंगलवार को सीबीआई की टीम दोबारा फ्लैट पर पहुंची। हालांकि, इस बार की तलाशी में बरामद सामग्री के संबंध में एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।


चंडीगढ़ में सीएम के कैंप ऑफिस में पौने पांच घंटे जांच

सीबीआई की कार्रवाई चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय तक भी पहुंची। टीम ने शाम करीब 6:15 बजे मकान नंबर-50 में तलाशी शुरू की, जो रात करीब 11 बजे तक चली। करीब पौने पांच घंटे बाद छह-सात अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम बाहर निकली। उनके हाथों में फाइलें, दस्तावेज और सील लगा प्लास्टिक का डिब्बा नजर आया।
तलाशी के दौरान परिसर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की पड़ताल की गई। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों की तैनाती, तबादलों और प्रशासनिक फैसलों से जुड़े कागजात भी खंगाले गए। शाम करीब 7:30 बजे सीआरपीएफ की बस पहुंचने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई। परिसर में मौजूद कर्मचारियों को कुछ समय बाद दो-तीन चरणों में बाहर जाने दिया गया। रात करीब नौ बजे एक महिला सीबीआई अधिकारी भी परिसर में दाखिल हुई। रात 11 बजे टीम तलाशी पूरी कर बाहर निकली।



छह लोगों के खिलाफ दर्ज है मामला

सीबीआई ने राजबीर सिंह घुमन समेत छह लोगों के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। अन्य आरोपियों में नितिन गोयल, जितिन गोयल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा शामिल हैं। मामले में अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों का भी उल्लेख है।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोप अधिकारियों की तैनाती और तबादलों, विभागीय कार्रवाई, प्रशासनिक मंजूरियों, नीतिगत फैसलों, टेंडर, लाइसेंसिंग और जमीन व राजस्व से जुड़े मामलों में कथित आर्थिक लाभ के लिए प्रभाव के इस्तेमाल से संबंधित हैं। यह आरोप भी है कि कुछ सरकारी आदेशों और नीतियों के प्रारूप जारी होने से पहले निजी लोगों तक पहुंचाए गए।
सीबीआई की कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पांच अक्तूबर के आदेश के अगले दिन हुई। हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से उपलब्ध कराई गई सामग्री के आधार पर सीबीआई को मामला दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया था। पंजाब सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।


अब जांच एजेंसी फेज-11, खरड़ और चंडीगढ़ सहित विभिन्न ठिकानों से जुटाए गए दस्तावेजों, मोबाइल चैट और इलेक्ट्रॉनिक डाटा की पड़ताल करेगी। इससे कथित लेनदेन, तबादले-पोस्टिंग और सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप से जुड़े आरोपों की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed