चंडीगढ़ में दिखा वायुसेना का शौर्य: सुखना लेक के ऊपर गरजे राफेल व चिनूक, मौसम के कारण नहीं उड़े सूर्यकिरण
बुधवार को चंडीगढ़ में सुखना लेक के आसपास का इलाका राफेल और चिनूक की गर्जना से गूंज उठा। एयर शो में वायुसेना के विमानों के करतब देख हर कोई हैरान रह गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ का सबसे प्रमुख पर्यटन स्थल सुखना लेक बुधवार को वायुसेना के विमानों की गडगड़़ाहट से गूंज उठा। लड़ाकू विमान राफेल और चिनूक ने करतब दिखाए। वहीं मौसम में खराबी के कारण सूर्य किरण एयरोबैटिक्स टीम अपना प्रदर्शन नहीं कर सकी। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित के अलावा हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी मौजूद रहे। वहीं वायुसेना के कई वरिष्ठ अधिकारी, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के भी सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में विजय के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय वायुसेना की ओर से इस एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। चिनूक और राफेल ने आसमान में एक के बाद एक कई कलाबाजियां दिखाईं। लड़ाकू विमानों को काफी करीब से देखकर लोग रोमांचित हो उठे। इस दौरान सुखना के चारों ओर लोगों की भीड़ देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम को देखने पहुंचे काफी संख्या में लोगों को जाम का भी सामना करना पड़ा। वहीं पार्किंग में भी गाड़ी खड़ी करने तक की जगह नहीं दिखी।
ईको सेंसिटिव जोन में लड़ाकू विमान उड़ाने पर पर्यावरणविदों ने उठाए सवाल
सुखना ईको सेंसिटिव जोन में राफेल और चिनूक उड़ाने पर शहर के पर्यावरण और पक्षी विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकार के मानक हैं कि ईको सेंसिटिव जोन में 50-60 डेसिबिल से ज्यादा आवाज नहीं की जा सकती। ऐसे में तेज गर्जना वाले लड़ाकू विमान उड़ाने से पक्षियों और पर्यावरण पर इसका विपरीत असर पड़ेगा। पक्षी विशेषज्ञ और चंडीगढ़ बर्ड क्लब के प्रेसीडेंट एमएस सेखों ने कहा कि सरकार ने जब मानक बनाए हैं तो उससे पहले कुछ सोचा होगा।
50 से 60 डेसीबल से ज्यादा आवाज होने पर पक्षियों और वन्य जीवों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। ऐसे आयोजनों के लिए जगह का चुनाव करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। विशेषज्ञों ने राजेंद्र पार्क में इस आयोजन करने का सुझाव भी दिया था लेकिन पंजाब व हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा का हवाला देते हुए प्रशासन ने इनकार कर दिया।
कमांडो टीम
विशेषज्ञों ने कहा था कि सुरक्षा जितनी जरूरी है, उतनी ही वन्य प्राणियों की जान की भी कीमत है। हम वन्यजीवों की बलि तो नहीं चढ़ा सकते। ज्ञात हो कि कुछ साल पहले भी सुखना लेक पर एक आयोजन किया गया था। इसका विरोध होने के बाद प्रशासन ने कार्यक्रम को रद्द कर दिया था।
आयोजन से पहले हमने सभी मानकों की मंजूरी ली है। एयर शो के लिए भी म्यूजिक सिस्टम को भी मानक के अनुसार ही रखा। ईको सेंसिटिव जोन में किसी भी मानक की कोई अवहेलना नहीं हुई। धर्मपाल, सलाहकार, चंडीगढ़।
अव्यवस्था के चलते लगा ट्रैफिक जाम
पुलिस ने बुधवार दोपहर से ही रॉक गार्डन से लेक जाने वाली सड़क पर 200-200 मीटर की दूरी पर दो बैरिकेडिंग करने के अलावा, सुखना लेक मोड़ समेत लेक जाने वाली सभी सड़कों पर कड़ा बंदोबस्त किया था। इन रास्तों से सिवाय वीआईपी वाहनों को छोड़ किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया गया। ऐसे में एयर शो देखने आने वाले लोगों को जहां भी जगह मिलती अपने वाहनों को पार्क कर दे रहे थे। इससे सेक्टर-4, 7, 26, किशनगढ़ समेत शास्त्री लाइट प्वाइंट यातायात से बाधित रहा। इनमें सभी जगह पुलिस ने यातायात को मैनुअल किया था, लेकिन वाहनों के ज्यादा आने की वजह से कोई खास फायदा नहीं हुआ। इसके अलावा सेक्टर-26 पुलिस लाइन कि पिछली सड़क पर एयर शो खत्म होते ही लोगों हुजूम निकला, जिससे लोग घंटों जाम में फंसे रहे। इस दौरान पुलिस को कड़ी मशक्कत कर किसी तरह से जाम को खुलवाया।
मध्यमार्ग भी रहा यातायात से बाधित
सुखना लेक की तरफ जाने वाली सभी सड़के बंद होने की वजह से मध्यमार्ग पर भी देर शाम तक जाम देखने को मिला। हालांकि पुलिस ने मध्यमार्ग की लाइटों का मैनुअल किया था ताकि यातायात व्यवस्था न बिगड़े। बता दें कि चंडीगढ़ पुलिस ने एयर शो के दो दिन पहले ही एडवाइजरी जारी लोगों को जागरूक किया था। इसके तहत कहा गया था कि लेक के नजदीक वाहनों को लाना वर्जित है, बावजूद इसके वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली।
पुलिस का दावा... व्यवस्था के व्यापक इंतजाम
चंडीगढ़ पुलिस ने दावा किया है कि एयर शो के दौरान कानून व्यवस्था व यातायात की आवाजाही और पार्किंग की व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किया गया था। किशनगढ़ की तरफ से सार्वजनिक प्रवेश की अनुमति दी गई थी। इस दौरान वहां उमड़ने वाली भीड़ को कोविड-19 की पालन करवाया गया। साथ ही एयर शो खत्म होने तक शांतिपूर्ण ढंग व व्यवस्थित तरीके से शो का समापन हुआ।