चंडीगढ़। हॉर्स शो का दूसरा दिन भी बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले घुड़सवारों के नाम रहा। घोड़ों की चेतक जैसी चाल और पर्वत पार कर देनी वाली उछाल देखकर दर्शक रोमांचित हो गए। विभिन्न इवेंट में हिस्सा लेते घुड़सवारों ने विजेता और उपविजेता ट्रॉफियां जीतने में कामयाबी पाई। न्यू चंडीगढ़ में चल रहे हॉर्स शो में देश के कई राज्यों से घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ अलग अलग इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं।
शनिवार को एलिमेंट्री ड्रेसज इवेंट में आईटीबीपी के सीएमडी आरएस राणा पहले स्थान, सिटी साहिल दूसरे, एचसी मंजीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद चिल्ड्रन फॉल्ट एंड आउट इवेंट में पीपीएस नाभा के अभय प्रताप पहले, सहजप्रीत कौर दूसरे, जसकरण सिंह तीसरे स्थान पर रहे। ओपन जंपिंग 120 सेंटीमीटर इवेंट में पीपीएस नाभा के आजादनूर पहले, चंडीगढ़ पुलिस के कुलदीप दूसरे स्थान और चंडीगढ़ पुलिस के रमन तीसरे स्थान पर रहे। मेडल रिले इवेंट में चंडीगढ़ पुलिस पहले स्थान, पीपीएस नाभा दूसरे और पंजाब पुलिस तीसरे स्थान पर रहे।