Air Force Day: पहली बार चंडीगढ़ में ‘सारंग’ का करतब देखेंगे लोग, वायु सेना दिवस में होंगे शामिल
सारंग वायुसेना की प्रीमियम एयरोबेटिक्स टीम है और परफेक्शन के लिए मशहूर है। सारंग टीम जिस भी एयर शो में शामिल होती है, उसकी महत्वता और ज्यादा बढ़ जाती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़वासी पहली बार छह और आठ अक्तूबर को ‘सारंग’ का करतब देखेंगे। सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम की तरफ से इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं। टीम ने वायु सेना दिवस में शामिल होने और अपना करतब दिखाने की पुष्टि कर दी है। ये चार हेलीकॉप्टर का एक समूह होता है, जो एक साथ एक-दूसरे के बेहद करीब उड़ान भरते हैं और कई फॉरमेशन बनाते हैं। ये वायु सेना के ब्रांड एंबेसडर माने जाते हैं।
वायु सेना गाजियाबाद के हिंडन बेस से बाहर पहली बार चंडीगढ़ में वायु सेना दिवस मना रही है। इसके लिए शहर में पिछले एक महीने से जोरदार तरीके से तैयारियां चल रही हैं। सुखना लेक पर छह अक्तूबर को फुल ड्रेस रिहर्सल और आठ अक्तूबर मुख्य कार्यक्रम होगा। इस दौरान कुल एक घंटे से अधिक समय तक एयर शो होगा। इसमें एडवांस फाइटर्स, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, सूर्यकिरण एयरोबेटिक्स टीम समेत कई अन्य शामिल होंगे। अब पुष्टि हुई है कि सारंग टीम भी चंडीगढ़ पहुंचेगी और करतब दिखाएगी।
यह भी पढ़ें : Chandigarh: अब शहीद भगत सिंह के नाम से जाना जाएगा चंडीगढ़ एयरपोर्ट, मन की बात में पीएम मोदी का एलान
सारंग वायुसेना की प्रीमियम एयरोबेटिक्स टीम है और परफेक्शन के लिए मशहूर है। सारंग टीम जिस भी एयर शो में शामिल होती है, उसकी महत्वता और ज्यादा बढ़ जाती है। बता दें कि हर वर्ष वायु सेना दिवस हिंडन बेस पर मनाया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे अन्य शहरों में भी आयोजित करने के लिए कहा था। इसके लिए चंडीगढ़ को चुना गया है। कार्यक्रम में करीब 100 के करीब विमान करतब दिखाएंगे। इसमें फाइटर, हेलीकॉप्टर, चिनूक सभी तरह के एयरक्राफ्ट होंगे।
आपदा राहत मिशनों में भी लोगों की जान बचाता है सारंग
सारंग टीम का निर्माण 2003 में बेंगलुरु में हुआ था और इसका पहला अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन 2004 में सिंगापुर में एशियन एयरोस्पेस एयर शो में हुआ था। सारंग ने अब तक संयुक्त अरब अमीरात, जर्मनी, ब्रिटेन, बहरीन, मॉरीशस, श्रीलंका में एयर शो और औपचारिक अवसरों पर वायु सेना का प्रतिनिधित्व किया है। टीम ने उत्तराखंड में वर्ष 2013 में ऑपरेशन राहत, वर्ष 2017 में केरल में ओखी तूफान, वर्ष 2018 में केरल में ऑपरेशन करुणा बाढ़ राहत जैसे कई मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशनों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया है और लोगों की जान बचाई है।
एयर शो के लिए लोगों की संख्या को सीमित कर सकता है प्रशासन
यूटी प्रशासन इन बार एयर शो में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को सीमित करने पर विचार कर रहा है। नाम न छापने की शर्त पर प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छह अक्तूबर को होने वाले रिहर्सल में लोगों की संख्या को 30 हजार तक सीमित करने पर विचार चल रहा है। इसके लिए लोगों को पर्यटन विभाग के मोबाइल एप से सीटें बुक करनी होंगी। टिकट मुफ्त होगी। 8 अक्तूबर को कई वीवीआईपी वायुसेना दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे, इसलिए इस दिन लोगों की संख्या को 30 हजार से भी कम किया जा सकता है। इस पर आने वाले कुछ दिनों में आखिरी फैसला होगा। बता दें कि पिछली बार एयर शो के दौरान प्रशासन की उम्मीद से ज्यादा लोग सुखना लेक पर पहुंच गए थे, जिसकी वजह से कई घंटे शहर की कई सड़कें जाम हो गई थीं।