मोहाली और पंचूकला में बढ़े मामले तो चंडीगढ़ ने सभी बॉर्डर किए सील, शहरवासियों की होगी स्क्रीनिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचकूला और मोहाली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के सभी बॉर्डर सील कर दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने सभी शहरवासियों की स्क्रीनिंग का फैसला लिया है। इसके लिए डॉक्टरों की 55 टीमें मैदान में उतर भी चुकी हैं। वहीं, शहर में कोरोना के हो रहे टेस्टों की संख्या को भी बढ़ाया जाएगा।
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने रोजाना की तरह गुरुवार को भी यूटी सचिवालय के वॉर रूम में ट्राइसिटी के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि डॉक्टरों की 55 टीमें शहर में घर-घर जाकर हेल्थ स्क्रीनिंग कर रही हैं। अब तक 31131 घरों में रहने वाले 54354 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है।
अभी तक सेक्टर-35, 38, डड्डूमाजरा और इसके आसपास लगते कुछ क्षेत्रों में जो भी व्यक्ति किसी बीमारी से पीड़ित है, उसकी जांच की गई है। प्रशासक बदनौर ने डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. जी दीवान को स्क्रीनिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए ताकि पूरे शहर के लोगों को जल्द से जल्द कवर किया जा सके।
इसके अलावा उन्होंने कोरोना के जांच की संख्या को भी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी संजय बेनीवाल ने बताया कि शहर के बॉर्डर प्वाइंट सील कर दिए गए हैं और करीब 2000 गाड़ियों को सीज किया है, जिन्होंने कर्फ्यू के आदेशों की अवहेलना की है।
किसानों को नहीं आएगी कोई समस्या: मनोज परिदा
एडवाइजर मनोज परिदा ने बैठक में बताया कि भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में खेती करने वाले किसानों को छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि फसलों की कटाई और उन्हें मंडी तक पहुंचाने में प्रशासन की तरफ से किसानों की मदद की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बारे में फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया से भी बातचीत जारी है ताकि मुख्य मंडी में किसी तरह की भीड़ एकत्रित न हो। इसके अलावा नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि सेक्टर-26 की होलसेल मंडी की भीड़ को कम करने के लिए वहां के कुछ थोक व्यापारियों को सेक्टर-39 की मंडी में भी शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है।
कर्फ्यू में न दी जाए ढील: बदनौर
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने आदेश दिए कि कर्फ्यू में किसी तरह की ढील नहीं दी जाए। 14 अप्रैल के बाद कैसे लॉकडाउन को खोलना है, इसका प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी जिले मोहाली और पंचकूला में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण चंडीगढ़ में न आ पाए इसके लिए चंडीगढ़ के एंट्री प्वाइंट्स पर सख्त निगरानी की जाए। वहां पर सैनिटाइजेशन की सुविधा भी मुहैया कराई जाए।
बैठक में एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि कई शहरवासी प्रधानमंत्री केयर फंड में दान देने के लिए चेक एडवाइजर, डीसी और पंजाब राजभवन भेज रहे हैं जबकि भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार पीएम केयर फंड में भेजे जाने वाले सभी डोनेशन सीधे उनके खाते में अकाउंट नंबर के द्वारा भेजे जाने हैं।