चंडीगढ़। कोरोना वायरस वैक्सीन के चौथे चरण की शुरुआत हो चुकी है। चौथे चरण के पहले दिन प्रदेश भाजपा नेताओं ने टीका लगवाया और शहरवासियों को टीके के प्रति जागरूक किया। वीरवार को प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, पार्टी के हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन, मेयर रविकांत शर्मा, प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर और रामवीर भट्टी सहित कई कार्यकर्ताओं ने तीन अलग-अलग स्थानों पर जाकर टीका लगवाया।
अरुण सूद के साथ उनकी पत्नी अंबिका सूद, बहन लीना वैद और जीजा राकेश वैद, बहन बिंदु सूद और जीजा संजीव सूद ने सेक्टर-38 की डिस्पेंसरी में टीका लगवाया। वहीं, संजय टंडन और उनकी पत्नी प्रिया टंडन ने सेक्टर-8 की डिस्पेंसरी, मेयर रविकांत शर्मा और उनकी पत्नी रमा शर्मा ने सेक्टर-22 की डिस्पेंसरी में टीका लगवाया। इस मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया और जितेंद्र मल्होत्रा, मेडिकल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रिंस भंडुला सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा पार्टी प्रदेश सचिव जसविंदर कौर, पूर्णिमा, रमेश सहोड़, संजय शर्मा ने भी टीका लगवाया। सूद ने कहा कि जो लोग 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हैं, वह टीका जरूर लगवाएं। टीकाकरण के साथ मास्क पहनने, हाथ धोने और सामाजिक दूरी के नियम का पालन करें।