कोरोना: ट्राइसिटी में 20 दिन की बच्ची समेत 19 की और मौत, 626 नए पॉजिटिव मिले
- कोरोना का कहर: मृतकों में पांच चंडीगढ़, छह पंचकूला और आठ मोहाली के रहने वाले
- चंडीगढ़ में मिले 254, पंचकूला में मिले 98 नए संक्रमित
- पंचकूला में तीन सीआरपीएफ के जवानों समेत 98 नए संक्रमित मिले
विस्तार
ट्राइसिटी में सोमवार को कोरोना से जहां 19 और संक्रमितों की मौत की पुष्टि हुई, वहीं 626 नए संक्रमित मिले। नए मरीजों में चंडीगढ़ के 254, पंचकूला के 98 और मोहाली के 274 लोग हैं। वहीं, मृतकों में चंडीगढ़ निवासी 20 दिन की एक बच्ची समेत पांच, मोहाली के आठ और छह मरीज पंचकूला के रहने वाले थे। ट्राइसिटी में लगातार हो रही मौतों और बढ़ते कोरोना संक्रमण से प्रशासनिक अधिकारियों समेत स्वास्थ्य विभाग के अफसर तक चिंतित हैं।
चंडीगढ़ में 254 नए संक्रमितों के मिलने के साथ ही कोरोना के पॉजिटिव केसों की संख्या 8245 पर पहुंच गई है, जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या 95 पर पहुंच गई है। वहीं दूसरी तरफ स्वस्थ होने के बाद 130 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि अभी 143 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
सोमवार को कोरोना से जिन पांच मरीजों की मौत की पुष्टि की गई है, उनमें आरओ कॉलोनी की 20 दिन की बच्ची, सेक्टर-39 निवासी 57 वर्षीय पुरुष, मौलीजागरां निवासी 69 वर्षीय वृद्धा, सेक्टर-15 निवासी 77 वर्षीय वृद्ध और सेक्टर-46 निवासी 75 वर्षीय वृद्ध शामिल हैं। आरओ कॉलोनी निवासी 20 दिन की बच्ची सेप्सिस नामक बीमारी से पीड़ित थी और उसका जीएमसीएच-32 में इलाज चल रहा था।
इलाज के दौरान 13 सितंबर (रविवार) को उसकी मौत हो गई। वहीं, सेक्टर-39 निवासी 57 वर्षीय पुरुष कोरोना के साथ डायबिटीज और हाइपरटेंशन से पीड़ित थे। उनकी पीजीआई में इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई जबकि मौलीजागरां निवासी 69 वर्षीय वृद्धा कोरोना के साथ डायबिटीज की मरीज थीं। इलाज के दौरान जीएमएसएच-16 में सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। सेक्टर-15 निवासी 75 वर्षीय वृद्ध की मौत की बीते 11 सितंबर को मोहाली के एक निजी अस्पताल में हुई थी। वहीं, सेक्टर-40 के 75 वर्षीय वृद्ध की भी मोहाली के एक निजी अस्पताल में 13 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हुई।
उधर, सोमवार को सेक्टर-41 के 9, सेक्टर-45 के 13, मनीमाजरा के 13, मौलीजागरां के 22, सेक्टर-38 के 7, सेक्टर-32 के 6 ,सेक्टर-42 के 6, सेक्टर-49 के 7 लोग पॉजिटिव मिले। इनके अलावा शहर के अन्य इलाकों से भी संक्रमित मिले हैं।
उधर, पंचकूला में कोरोना से जिन छह मरीजों की जान गई है, उनमें पंचकूला सेक्टर-10 के एक 75 वर्षीय बुजुर्ग के अलावा सकेतड़ी गांव के 72 वर्षीय बुजुर्ग और कालका के 75 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। इनके अलावा माजरा मेहताब की एक 60 वर्षीय महिला, पिंजौर के 34 वर्षीय व्यक्ति और पंचकूला सेक्टर-11 की एक 60 वर्षीय महिला की भी कोरोना से मौत हो गई। पंचकूला सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने इन सबकी मौत की पुष्टि की है। सीएमओ ने बताया कि शहर में 98 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से पंचकूला जिले के 95 मरीज हैं जबकि 3 बाहरी हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों में सीआरपीएफ के तीन जवान भी शामिल हैं।
मोहाली में मिले 274 नए संक्रमित
वहीं, खरड़ क्षेत्र की 52 वर्षीय महिला की मोहाली के एक निजी अस्पताल में मौत हुई है। वह भी शुगर से पीड़ित थी जबकि नयागांव निवासी 30 वर्षीय महिला की पीजीआई में और डेराबस्सी निवासी 68 वर्षीय पुरुष की जीरकपुर के एक निजी अस्पताल व सन्नी एनक्लेव निवासी 81 वर्षीय व्यक्ति की फोर्टिस अस्पताल में मौत हुई। वहीं, मोहाली निवासी 84 वर्षीय महिला व खरड़ निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति की मोहाली के एक निजी अस्पताल में जान गई है। इनके अलावा धर्मगढ़ निवासी 31 वर्षीय व्यक्ति की जीएमसीएच-32 मौत हुई है।