हरियाणा: 19 फरवरी तक मौसम रहेगा खुश्क, 20-21 को बारिश के आसार, बढ़ेगा दिन का तापमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिमी विक्षोभ 96 घंटे के बाद फागुन में पहली बार फुहारें लेकर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में 19 फरवरी तक मौसम खुश्क रहेगा, हालांकि 20-21 फरवरी को अरब सागर से आने वाली नमी की वजह से प्रदेश में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 फरवरी के बीच दो बार पश्चिमी हलचलें उत्तर भारत के राज्यों को प्रभावित कर सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 18-19 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उसके बाद दूसरी बार सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा में भी 20 और 21 फरवरी को छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। उस दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी पश्चिमी तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
19 फरवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। मगर 20 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बादलवाही और प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। - डॉ. मदन खीचड़, अध्यक्ष, कृषि मौसम विभाग, हकृवि
नारनौल में दिन का तापमान 30 डिग्री पर पहुंचा, सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा
नारनौल में शनिवार के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 30 डिग्री तक तो हिसार में साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 28 डिग्री तक पहुंच गया। नारनौल में दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दूसरी तरफ हिसार में यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं रात के तापमान में ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान
- शहर अधिकतम न्यूनतम
- नारनौल 30.0 5.5
- हिसार 28.0 6.6
- भिवानी 27.5 9.3
- सिरसा 26.1 7.4
- अंबाला 25.6 9.1
- रोहतक 24.1 7.0
- करनाल 24.0 6.8
गर्मी से फसलें मुरझाने लगीं, करें सिंचाई
दिन का तापमान बढ़ने का असर फसलों पर भी दिखना शुरू हो गया है। गर्मी के असर से फसलें मुरझाने लगी हैं। कृषि विकास अधिकारी डॉ. राजीव भाटिया के अनुसार फसलों के मुरझाने पर उनमें सिंचाई करें। सिंचाई करते समय हवा का जरूर ध्यान रखें। हवा की गति कम होने पर फसलों में पानी लगाएं।