तस्वीरें: जम्मू-कश्मीर पर फैसले से ट्राईसिटी में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करने के सरकार के फैसले पर चंडीगढ़-मोहाली और पंचकूला में जश्न का माहौल है। धार्मिक संस्थाओं ने भी खुशी जताई। मंदिरों में सोमवार को हुई आरती और भगवान का शृंगार भी मोदी सरकार को समर्पित किया गया। सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर में खीर और मालपुए का लंगर भी लगाया गया। यह लंगर कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने की खुशी में लगाया गया।
मंदिर के प्रधान राकेश पाल मोदगिल ने बताया कि संध्या आरती भी सरकार को समर्पित आयोजित हुआ। सेक्टर 30 के शिव शक्ति मंदिर के प्रमुख पुजारी श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि मंदिर में सोमवार को भगवान शिव का शृंगार, आरती और मेडिटेशन पूजा भी केंद्र सरकार को समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश का मान बढ़ाया है। फैसले लेने के लिए हमारा देश जाना जाने लगा है।
भाजयुमो ने तिरंगा लेकर मनाया जश्न
ऐतिहासिक फैसले का शहर में भाजपाइयों ने तिरंगे के साथ डांस कर और मिठाई बांटकर जश्न मनाते हुए स्वागत किया।सेक्टर-22 स्थित अरोमा लाइट प्लाइंट पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोयल, जम्मू-कश्मीर युवा मोर्चा के को-इंचार्ज अमित राणा, वाइस प्रेजिडेंट कृपा नंद ठाकुर, जनरल सेक्रेटरी गणेश झा आदि उपस्थित रहे। उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि सोमवार को संसद में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक फैसला लेकर देशवासियों को जश्न मनाने का मौका दिया।
लोगों ने मनाईं खुशियां, कहा-जम्मू कश्मीर को मिली स्वतंत्रता
अुनच्छेद 370 हटने के बाद शहर में खुशी का माहौल है। जगह-जगह मिठाई बांटी गई। सेक्टर 38 वेस्ट में लोगों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए कहा कि असल में जम्मू कश्मीर आज स्वतंत्र हुआ है। इस फैसले से हर भारतीय खुश है। इस मौके पर सबीना बंसल, विवा, सुनंदा, सविता, माला, बानी, सीमा, गालिब आदि उपस्थित रहीं। वहीं, विश्व हिंदू परिषद व दुर्गा वाहिनी ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए मिठाइयां बांटीं।
दड़वा में निकाली गई तिरंगा यात्रा
मोदी सरकार के साहसिक फैसले के स्वागत में गांव दड़वा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। पूर्व जिला परिषद सदस्य और भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह सैनी ने बताया कि आज देश की संप्रभुता तथा अखंडता के प्रति बहुत बड़ी सफलता हासिल हुई है।
मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ उठी। जीरकपुर मंडल के अलावा प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने लोगों को लड्डू बांटकर खुशी मनाई और ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया।
मंडल अध्यक्ष शशांक दुग्गल के दफ्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए अध्यक्ष का मुंह मीठा करवाया और मार्केट में दुकानदारों को मिठाई बांटी। दुग्गल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इसी तरह, पीरमुछल्ला में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की उपप्रधान एकता नागपाल ने भी अपने दफ्तर में महिलाओं के साथ खुशी साझा की।
ढोल-नगाड़े की थाप पर जमकर नाचे कार्यकर्ता
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए को हटाने के उपलक्ष्य में मोरनी मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े की थाप पर जमकर थिरकते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोरनी बाजार में लड्डू बांटे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक सुर में इस ऐतिहासिक कार्य के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। उधर लुधियाना में अनुच्छेद 370 को खत्म करने के फैसले के बाद खुशी मनाते भाजपाइयों को पुलिस ने लड्डू बांटने से रोका।
इस दौरान भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों में तकरार भी हुई। आखिरकार भाजपा नेताओं ने चौड़ा बाजार सहित अन्य बाजारों में जाकर लड्डू बांट अपनी खुशी का इजहार किया। जिला भाजपा की तरफ से मैसेज भेजा गया कि शाम 5.30 बजे भाजपा मुख्यालय में एकत्र हो। इस एतिहासिक फैसले की खुशी में लड्डू बांट कर बधाई दी जाएगी। जैसे इसकी भनक पुलिस को लगी, एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सहित कई पुलिस थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई।