हरियाणाः पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर सीबीआई का छापा, टीसी गुप्ता के घर से बैरंग लौटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम में 2009 में सेक्टर 58 से 63 व 65 से 67 सेक्टर विकसित करने के लिए की गई 1417 एकड़ जमीन अधिग्रहण के मामले में सीबीआई का पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य पर शिकंजा कसने लगा है। दो दिन पहले सीबीआई ने दिल्ली में जमीन अधिग्रहण के मामले में पूर्व सीएम हुड्डा, तत्कालीन हुडा के मुख्य प्रकाशक आईएएस टीसी गुप्ता सहित 14 कॉलोनाइजर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मामले की जांच के लिए शुक्रवार सुबह करीब पौने आठ बजे सीबीआई एसपी के नेतृत्व में दो गाड़ियों में भरकर 13 लोगों की टीम ने डी पार्क स्थित पूर्व सीएम के आवास और मॉडल टाउन स्थित कैंप कार्यालय पर छापा मारा। छापे के समय हुड्डा व उनके सांसद पुत्र दीपेंद्र हुड्डा आवास पर ही मौजूद थे।
दोपहर करीब सवा एक बजे तक चली कार्रवाई में सीबीआई की टीम बाहर से एक्सपर्ट बुलाकर छह अलमारियों के ताले खुलवाए और आवश्यक कागजात अपने साथ ले गई। इसमें इनकम टैक्स रिटर्न जमा करने की रिपोर्ट भी शामिल है।
वर्ष 2014 में सुप्रीम कोर्ट में गुरुग्राम के अंदर हुए जमीन अधिग्रहण के मामले में जनहित याचिका नंबर 8977 दाखिल की गई। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने 11 नवंबर 2017 को जमीन अधिग्रहण रद्द कर दिया और सीबीआई को मामले की जांच के आदेश दिए। सीबीआई ने 2018 में प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज की थी। अब 23 जनवरी 2019 को पूर्व सीएम हुड्डा व तत्कालीन हुडा मुख्य प्रशासक आईएएस टीएल गुप्ता और 14 कालोनाइजर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक्सपर्ट को बुलाकर खुलवाईं अलमारियां
करीब पौने आठ बजे सीबीआई की टीम दिल्ली से रोहतक पहुंची और डी पार्क स्थित पूर्व सीएम के आवास पर दबिश दी। जींद से लौटने के बाद पूर्व सीएम हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा रात को रोहतक में ही थे। सीबीआई ने दोनों की मौजूदगी में घर के अंदर मौजूद रिकार्ड की छानबीन की। इसी बीच अलमारियों को खुलवाने के लिए बाहर से रमेश व दारा सिंह नाम के दो एक्सपर्ट को बुलाया गया।
दोनों ने करीब एक घंटे के बीच अलमारियों के ताले खोले। दारा सिंह ने बताए कि उन्होंने पांच अलमारी खोली हैं, जबकि पूर्व सीएम हुड्डा ने एक अलमारी खुलवाने की बात कही है। सीबीआई की टीम करीब सवा एक बजे हुड्डा के आवास से रवाना हुई। साथ में इनकम टैक्स से जुड़ा रिकार्ड भी ले गई है।
स्वतंत्रता सैनानी परिवार से हूं, सीबीआई के छापों से डरने वाला नहीं
जींद उप चुनाव में कांग्रेस जीत रही है। शुक्रवार को वहां रैली थी, जिसमें मुझे भी जाना था। भाजपा को अपनी संभावित हार बर्दाश्त नहीं हो रही। इसलिए राजनीतिक दुर्भावना से परेशान करने के लिए यह कार्रवाई की गई है, ताकि मैं रैली में न जा सकूं। लेकिन मैं स्वतंत्रता सैनानी परिवार से हूं, इस तरह के छापों से डरने वाला नहीं हूं। अकेले ही इस तरह के छापों का सामना करूंगा। सीबीआई अपने साथ केवल मेरे भतीजे की इनकम टैक्स रिपोर्ट ले गई है। - भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम एवं कांग्रेस नेता
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चंडीगढ़ स्थित एमएलए फ्लैट में भी सीबीआई ने छापेमारी की। सीबीआई के सात अधिकारी दोपहर बाद डेढ़ बजे हुड्डा के एमएलए फ्लैट में पहुंचे। सीबीआई टीम शाम साढ़े चार बजे तक हुड्डा के फ्लैट में रही और छानबीन की। फ्लैट पर सीबीआई के हाथ कुछ नहीं लगा।
अधिकारियों ने फ्लैट पर मौजूद हुड्डा के स्टाफ से भी पूछताछ की। स्टाफ ने सवालों के जवाब दे दिए और दस्तावेज की जांच से भी नहीं रोका। सीबीआई अधिकारियों को मानेसर जमीन आवंटन मामले से जुड़ा कोई भी दस्तावेज फ्लैट में नहीं मिल पाया। सीबीआई अधिकारी तीन घंटे दस्तावेज को खंगालने के बाद खाली हाथ लौट गए।
सीबीआई की टीम ने हरियाणा ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीसी गुप्ता के घर पर भी छापेमारी की। सीबीआई को घर पर कोई नहीं मिला। क्योंकि, गुप्ता अधिकारिक यात्रा पर प्रदेश से बाहर थे। जबकि, उनकी पत्नी भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में बैठक होने के कारण दिल्ली में भी थीं। आईएएस टीसी गुप्ता ने बताया कि सीबीआई की टीम आई थी, लेकिन घर पर कोई नहीं था।
वह अधिकारिक यात्रा पर बाहर हैं, जबकि पत्नी भी अधिकारिक बैठक में दिल्ली में थीं। गौर रहे कि हुड्डा सरकार में टीसी गुप्ता टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में महानिदेशक के पद पर भी रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अनेक विभागों में अहम पदों पर सेवाएं दी हैं।