पंजाब में हिमाचल जैसा हादसा, नहर में 7 लोग डूबे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के रोपड़ जिले में नहर में डूबने से सात लोगों की मौत हो गई। जहां घनौली में तीन लोगों के कार समेत भाखड़ा नहर में डूब गए वहीं नूरपुरबेदी ब्लाक के गांव गनूरा के एक नौजवान अपने दो भतीजों सहित सतलुज दरिया के तेज बहाव में बह गया।
रोपड़ के नजदीक घनौली में रविवार देर रात एक कार नहर में गिर गई। इससे तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोगों के शव व कार को सात घंटे की मशक्कत के बाद नहर से निकाला जा सका। एक व्यक्ति की तलाश अभी जारी है।
रोपड़ के गांव छोटी रैलों के रहने वाले कर्मजीत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह, बलविंदर सिंह काका पुत्र लाभ सिंह और ज्ञानी जैल सिंह नगर का रहने वाला विवेक शर्मा उर्फ विक्की पुत्र सुखदेव सिंह रविवार को गांव दबूर्जी से कार में सवार होकर घर वापस आ रहे थे। रास्ते में घनौली के पास कार भाखड़ा नहर में गिर गई।
नहर में कार गिरने की भनक किसी को नहीं
कार गिरने का सुबह तक किसी को पता नहीं चला। सुबह नहर के किनारे कार का बंपर गिरे होने पर एक राहगीर को कार के नहर में गिरने की शंका जाहिर हुई तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सुबह साढे़ सात बजे नहर से कार की तलाश शुरू कर दी।
दोपहर बाद पांच बजे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से कार को नहर बाहर निकाला तो उसमें विवेक शर्मा तथा बलविंदर सिंह काका का शव मिला। कार का आगे वाला शीशा टूट जाने के कारण कर्मजीत सिंह पानी के तेज बहाव में बह गया।
इस मौके पर डीएसपी हरबीर सिंह अटवाल, एएसआई बलविंदर सिंह भी थे। कार में सवार कर्मजीत सिंह प्रापर्टी डीलर का काम करता था जब कि बलविंदर सिंह काका ड्राइवर था और विवेक शर्मा कर्मजीत सिंह का दोस्त था।
सतलुज में डूब गए चार लोग
शनिवार शाम रणजीत सिंह राणा (35) अपने दो भतीजों रणजोध सिंह सोनू (17) और अमरजीत सिंह हैप्पी (15) के साथ सतलुज दरिया के समीप सामान खरीदने गया था। रविवार शाम तक घर न आने पर परिजनों ने तीनों की तलाश शुरू कर दी।
सोमवार सुबह गांव हरसाबेला के पास सतुलज दरिया के किनारे रणजीत सिंह राणा के शव को कुछ लोगों ने देखा तो इसकी सूचना गांव में दी। लोगों ने मौके पर पहुंचकर रणजीत सिंह का शव दरिया से बाहर निकाला। उसके दो भतीजों सोनू और हैप्पी के शव काफी देर बाद निकाले जा सके।
उधर नंगल के गांव नारगरां में एक व्यक्ति सुरजीत सिंह निवासी समुदियां नहर में से रेत भरने के लिए गया था कि पानी के बहाव में बह गया। पुलिस उसकी तलाश कर रह है।