कोई पार्किंग के ज्यादा पैसे मांगे तो यहां फोन करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुखना लेक, रॉक गार्डन, एलांते मॉल और शहर की कई अन्य पेड पार्किंग में कारिंदों द्वारा तय रेट की तुलना में दो से चार गुना तक ज्यादा वसूली वाहन पार्क करने वालों से की जा रही है। टूरिस्ट बसों पर तो यह ओवरचार्जिंग दस गुना तक है।
इतनी मनमानी होने के बाद भी प्रशासन और नगर-निगम आंखें मूंदे बैठा है। सुखना लेक और एलांते मॉल के सामने की पेड पार्किंग नगर निगम के अधीन और रॉक गार्डन की पेड पार्किंग प्रशासन के तहत आती है।
रेजिडेंट-वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों से रविवार को ओवरचार्जिंग होने पर यह मामला सामने आया। अमर उजाला की टीम ने भी तीनों पार्किंग्स का जायजा लिया। मामले की शिकायत मेयर और अधिकारियों से भी की गई है।
ऐसे चलता है खेल
सुखना लेक पार्किंग
सुखना लेक की पेड पार्किंग में वाहन पार्क करते समय पर्ची दी जाती है। इस पर रेट गायब होता है। शुल्क वापस आने के बाद लिया जाता है। अमर उजाला टीम ने कारिंदे से शुल्क पूछा उसने 10 रुपये बताया। विरोध करने पर उसने पांच रुपये लौटा दिए। वहीं यह भी शिकायत मिली कि टूरिस्ट बस चालकों से 200 रुपये तक वसूले गए हैं, जबकि तय रेट 20 रुपये है।
रॉक गार्डन पार्किंग
रॉक गार्डन में चालक को वाहन पार्क करने के समय जो पर्ची दी जाती है, उसमें रेट गायब रहता है। यह जरूर लिखा होता है कि पर्ची खो जाने पर 20 रुपये देने होंगे। 20 रुपये मोटे फोंट में लिखे होते हैं। इसके आगे लिखी पंक्ति पर कारिंदा मोटे मार्कर से गाड़ी नंबर लिख देता है। इस तरह वह वाहन चालकों से 20 रुपये वसूलता है।
मिलीभगत का आरोप
सेक्टर-15 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि वह रविवार को कार से रॉक गार्डन और सुखना लेक गए तो दोनों पेड पार्किंग में उनसे ओवरचार्जिंग की गई। यह सारा खेल बिना अधिकारियों की मिलीभगत के नहीं हो सकता। वह इसकी शिकायत विजिलेंस अधिकारियों से भी करेंगे।
100 या 1073 नंबर पर करें शिकायत
ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 1073 जारी किया है, जिसमें ओवर चार्जिंग की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। एसएसपी ट्रैफिक मनीष चौधरी का कहना है कि इसकी शिकायत चालक 100 नंबर पर भी कर सकते हैं।
उपभोक्ता अदालत में जा सकता है मामला
वकील पकंज चांदगोठिया का कहना है कि अगर किसी से तय रेट से ज्यादा शुल्क पेड पार्किंग में चार्ज किया जा रहा है तो चालक इसके खिलाफ उपभोक्ता अदालत में नगर निगम के खिलाफ अर्जी दाखिल कर सकता है। पर्ची पर रेट हर हालत में प्रिंट होना चाहिए। ऐसा न करके ठेकेदार उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी कर रहा है।
एलांते मॉल में पहले ही तय रेट ज्यादा
औद्योगिक क्षेत्र की एलांते मॉल के सामने बनी पेड पार्किंग में शुल्क का रेट शहर की अन्य पेड पार्किंग से ज्यादा तय किया गया है। यह पार्किंग हमेशा खचाखच भरी रहती है।
यहां पर स्कूटर का पार्किंग शुल्क 5 और कार का पार्किंग शुल्क 10 रुपये तय है, लेकिन दो गुना रेट चार्ज किया जाता है। वहीं, शहर की अन्य पेड पार्किंग में स्कूटर का 2 और कार का पार्किंग शुल्क 5 रुपये तय है।
पार्षद और अधिकारियों को पास
शहर में 20 से ज्यादा पेड पार्किंग हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों को पास दिए गए हैं। उन्हें पार्किंग शुल्क अदा नहीं करना पड़ता।
मैं सुखना लेक और एलांते मॉल की पेड पार्किंग को चेक करूंगा। दोषी पाए जाने पर ठेकेदार व संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। पेड पार्किंग में रेट बोर्ड बढ़ाए जाएंगे ताकि लोग इन्हें आसानी से देख सकें।
-हरफूल चंद कल्याण, मेयर, नगर निगम
रॉक गार्डन की पार्किंग प्रशासन के अंतर्गत आती है। अगर इसमें ओवरचार्जिंग हो रही है तो इसे रोकने के लिए जल्द ही कदम उठाए जाएंगे।
-संजय अरोड़ा, कार्यकारी अभियंता, इंजीनियरिंग विंग, प्रशासन
नगर निगम द्वारा तय किए गए रेट
व्हीकल-------------------रेट
कार----------------------5
पार्किंग में कई बार एंट्री-----10
दोपहिया वाहन-------------2
कई बार एंट्री---------------5
मिनी बस-----------------10
टूरिस्ट बस----------------20
हेलमेट--------------------1
विशेष पार्किंग का पास
कार------------------55
दोपहिया वाहन---------30
मासिक सिटी पास
कार----------------340
दोपहिया वाहन------160
( रॉक गार्डन, एलांते मॉल और सेक्टर-17 की साहिब सिंह पार्किंग कोई भी पास लागू नहीं)