विश्व के नंबर वन मुक्केबाज की गेहूं भरते हुए की तस्वीर हुई वायरल, डिप्टी सीएम ने भी किया ट्वीट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने वजन में (52 किलो) विश्व के नंबर एक मुक्केबाज रोहतक के मायना गांव निवासी अमित पंघाल लॉकडाउन के दौरान वर्क आउट के साथ-साथ किसान माता-पिता का हाथ भी बंटा रहे हैं। सरसों की कटाई का सीजन खत्म होने के बाद अब पूरे उत्तर भारत में गेहूं की कटाई जोरों पर है। किसान के फौजी बेटे और विश्व विख्यात मुक्केबाज अमित पंघाल ने भी लॉकडाउन के दौरान अपना फर्ज निभाया और परिवार के साथ गेहूं कटाई का काम करवाया।
अब सोशल मीडिया पर अमित की एक तस्वीर वायरल हो रही है। फोटो में अमित ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं भरते नजर आ रहे हैं। घर पर गेहूं उतारते हुए अमित का फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ तो हरियाणा के उप मुख्यमंत्री ने भी इसकी तारीफ की और उनके इस फोटो को ट्वीट किया। जिसके बाद अमित ने भी धन्यवाद जताते हुए उपमुख्यमंत्री के ट्वीट को री-ट्वीट किया।
इसके अलावा, अमित ने गेहूं से भरी ट्रॉली से अपनी तस्वीरें ट्वीट की और साथ में लिखा ‘आ गए भाई अपने तो दाने, आप सुनो फोगाट के गाने ’ तस्वीरों के साथ छोटा सा वीडियो बनाकर अमित पंघाल ने शेयर किया, जिसके पीछे हरियाणवी गाना भी चल रहा था।
फरवरी में दुनिया में कमाई शोहरत और अप्रैल में की गेहूं की कटाई
सोशल मीडिया पर अमित के बारे में लोगों ने लिखा कि फरवरी में नंबर वन बने और अब घर पर गेहूं की कटाई कर रहे हैं। लॉकडाउन से पहले अमित ओलंपिक की तैयारी में जुटे थे और घर आए तो जरूरत पड़ते ही सीधे खेत पहुंच गए। इस पोस्ट को शेयर करके दिखाया गया है कि अमित पंघाल विश्व में नंबर वन बनने के बाद भी जमीन से जुड़े हैं।
पीएम केयर्स फंड में दिए एक लाख 11 हजार
कोरोना की लड़ाई में साथ देने में भी अमित पंघाल पीछे नहीं रहे हैं। अन्य खिलाड़ियों की तरह अमित ने भी माता-पिता के कहने पर पीएम केयर्स फंड में एक लाख ग्यारह हजार रुपये दिए हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम को बढ़ावा देते हुए उन्होंने भीम यूपीआई से ऑनलाइन लेन-देन की अपील की है। उन्होंने ऑनलाइन लेन-देन को लेकर माता-पिता के साथ एक वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया है।
रोजाना वर्क आउट का वीडियो कर रहे शेयर, लोगों से घर पर ही रहने की अपील
अमित पंघाल रोजाना वर्क आउट का वीडियो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हैं, जिनको लोगों द्वारा खूब पसंद किया जाता है। साथ ही वीडियो के माध्यम से लोगों को बार-बार हाथ धोने व घर में रहने के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। अमित पंघाल का कहना है कि यह समय कोरोना से बचाव का है। अपना काम करने में हमें किसी तरह की शर्म नहीं होनी चाहिए।