सनी देओल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे जाखड़ को धर्मेंद्र ने भेजा प्यार भरा पैगाम, जवाब भी दिल छूने वाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब की हॉट सीट गुरदासपुर से भाजपा उम्मीदवार और सिने स्टार सनी देओल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के बीच चुनाव प्रचार के दौरान खूब तल्खी देखने को मिली, लेकिन चुनाव नतीजों से ठीक एक दिन पहले बॉलीवुड के हीमैन और सनी देओल के पिता धर्मेंद्र देओल ने सुनील जाखड़ के नाम प्यार भरा संदेश ट्वीटर पर पोस्ट किया।
जवाब में सुनील जाखड़ ने भी ट्वीट कर देओल परिवार से रिश्ते निभाने की बात कही है। धर्मेंद्र ने अपनी जवानी की फोटो के साथ अपलोड किए इस संदेश में लिखा कि ‘सगों से रिश्ते, इक जमाने से तोड़ गई पलों में कम्बख्त सियासत यह, बरकरार है, बरकरार रहेगी मोहब्बत मेरी, मोहब्बत से जाखड़ के नाम’। धर्मेंद्र की इस पोस्ट को हजारों लोगों ने लाइक किया है।
वहीं सुनील जाखड़ ने भी ट्वीट कर लिखा कि ‘जी दोस्ती है, शीशा नहीं जो टूटकर बिखर जाए जनाब, हमने रिश्ते निभाए हैं, वसूलों की तरह और निभाते रहेंगे’। धर्मेंद्र और सुनील जाखड़ के ट्वीट को लोग आदर्श राजनीति बता रहे हैं।
बता दें, सुनील जाखड़ लोकप्रिय नेता स्वर्गीय बलराम जाखड़ के बेटे हैं। धर्मेंद्र जाखड़ परिवार के बेहद करीबी रहे हैं। इसीलिए सुनील के खिलाफ सनी का चुनाव लड़ना धर्मेंद्र को अब भी खल रहा है।
सनी ने कहा था, प्यार करेंगे तो सीने से लगाएंगे
मतदान के बाद मनाली जाने से पहले एक चैनल को इंटरव्यू देते हुए सनी देओल से जब सुनील जाखड़ से पारिवारिक रिश्तों पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं। अगर जाखड़ प्यार करेंगे तो उन्हें सीने से लगा लेंगे। सनी ने कहा था कि वह जट्ट पुत्तर हैं, किसी से नहीं डरते।
वहीं धर्मेंद्र ने चुनाव प्रचार के लिए गुरदासपुर में कदम रखते ही कहा था कि अगर पता होता कि सनी, सुनील जाखड़ के खिलाफ चुनाव लड़ रहा है तो वह कभी भी लड़ने नहीं देते। लेकिन जाखड़ ने हर रैली और सभा में कहा कि नामदार के बजाय कामदार को वोट दें। जबकि इसके जवाब में सनी ने कहा था कि वह बदला लेने या बातों का जवाब देने नहीं, बल्कि लोगों के काम करवाने आए हैं।