बर्ड फ्लू: 27 हजार पक्षियों की जान खतरे में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में बर्ड फ्लू (एच5एन1) की दस्तक होने के बाद इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित सेंट्रल पोल्ट्री डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (सीपीडीओ) के पक्षियों को भी खतरा हो गया है। यहां विभिन्न किस्मों के करीब 27 हजार पक्षी हैं, जिनमें 15 हजार से ज्यादा चिकन हैं। इसके अलावा 10 हजार बटेर और 19 ईमू भी हैं। केंद्र सरकार के आदेशों के बाद इनकी बिक्री और सप्लाई पर रोक लगा दी गई है।
अब सीपीडीओ के लिए सबसे बड़ी चुनौती है इन पक्षियों को वायरस से बचाना। इसके लिए सीपीडीओ कार्यालय के बाहर फॉगर मशीन रखी गई है। इसमें कोर्सोलेन दवा डालकर वायरस को फैलने से रोकने के लिए धुआं फैलाया जाता है, जिससे आसपास का इलाका भी संक्रमणरहित रहता है।
इस मशीन का धुआं 45 फुट ऊंचा और इतने ही फुट दाएं-बाएं के एरिया में फैलता है। यह मशीन 360 डिग्री तक घूमती है। सीपीडीओ कार्यालय के आसपास ट्रैफिक भी काफी ज्यादा है और कार्यालय के बिल्कुल साथ ही ट्रक पार्किंग भी है। ऐसे में यह मशीन इस एरिया को भी वायरस से बचाएगी।
डरावनी आवाज से भगाएंगे जंगली पक्षियों को
सीपीडीओ में बाहरी और जंगली पक्षियों को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां एक साउंड सिस्टम रखा है, जिसमें एक पक्षी की तेज व डरावनी आवाज निकलती है। इससे डरकर कौवे और अन्य बाहरी पक्षी भाग जाते हैं। इसके अलावा यहां रिफ्लेक्टर भी लगाए जा रहे हैं, जिससे जंगली पक्षियों को भगाया जाएगा।
सीपीडीओ में बढ़ाई बायो सिक्योरिटी
पोल्ट्री फॉर्म में बाहर से कोई वायरस न आए, इसके लिए यहां बायो सिक्योरिटी सिस्टम बढ़ा दिए गए हैं। कार्यालय के मेन गेट पर पोटैशियम परमैग्नेट सोल्यूशंस का छिड़काव किया गया है। कार्यालय के अंदर आने वाले हर व्यक्ति को मास्क, दस्ताने, कैप और शूज कवर भी दिए जा रहे हैं। इसके अलावा कार्यालय में पब्लिक एंट्री पूरी तरह बैन कर दी गई है।
डॉ. के. रवि कुमार, निदेशक, सेंट्रल पोल्ट्री डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन, चंडीगढ़ ने बताया कि हमने मेन गेट पर फॉगर रख दिया है। फॉगर का धुआं आसपास के एरिया में वायरस फैलने से रोकता है। यहां ट्रैफिक भी काफी ज्यादा रहता है। इसके अलावा पोल्ट्री फार्म में हजारों पक्षी हैं। इन सभी को वायरस से दूर रखने के इंतजाम किए गए हैं।